बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में कांग्रेस पार्टी के हिस्से में 58 सीटें आ सकती हैं। वह 25 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम भी तय कर चुकी है। यह 2020 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी द्वारा लड़ी गई सीटों से 12 कम हैं।

यह पता चला है कि कांग्रेस जिन नामों पर मुहर लगा चुकी है, उनमें उसके मौजूदा 15 विधायक शामिल हैं। दो सीटिंग विधायकों की उम्मीदवारी इसलिए ‘होल्ड’ कर दी गई है क्योंकि पार्टी यहां या तो नए उम्मीदवार उतार सकती है या अपने सहयोगी राजद के साथ सीटों की अदला-बदली कर सकती है।

2020 में कांंग्रेस जीती थी 19 विधानसभा सीटें

बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में कांग्रेस पार्टी ने 70 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे और उसे 19 पर जीत हासिल हुई थी। उसके दो विधायकों मुरारी प्रसाद गौतम (चेनारी) और सिद्धार्थ सौरव (विक्रम) ने पार्टी से बगावत कर दी थी। माना जा रहा है कि दोनों बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं।

यह भी पढ़ें: बिहार चुनाव: तेजस्वी यादव ने किया हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का वादा

कांग्रेस पार्टी से जुड़े उच्च सूत्रों के अनुसार, पार्टी ने जिन 25 उम्मीदवारों के नाम लगभग तय कर लिए हैं, उनमें पूर्व बिहार कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह के बेटे आकाश कुमार, और बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश कुमार (कुटुंबा) का नाम शामिल है।

और किसे – किसे चुनाव लड़ा सकती है कांग्रेस?

कांग्रेस पार्टी विश्वनाथ राम (राजपुर), मुन्ना तिवारी (बक्सर), अजीत शर्मा (भागलपुर), विजेंद्र चौधरी (मुजफ्फरपुर), अजय सिंह (जमालपुर), छत्रपति यादव (खगड़िया), आनंद शंकर सिंह (औरंगाबाद), मनोहर प्रसाद (मनिहारी), संतोष मिश्रा (करहगर), आबिदुर रहमान (अररिया), शकील अहमद खान (कड़वा), मोहम्मद आफाक आलम (कसबा), इजहारुल हुसैन (किशनगंज) और नीतू कुमारी (हिसुआ) को भी मैदान में उतार सकती है।

इनके अलावा आकाश कुमार (कुर्था), गजानन शाही (बरबीघा), मंटन सिंह (वारसलीगंज), अनिल सिंह (हरनौत), पूनम पासवान (कोढ़ा), अमित कुमार टुन्ना (रीगा) और बंटी चौधरी (सिकंदरा) को भी कांग्रेस टिकट दे सकती है। ये वो उम्मीदवार हैं, जो बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में हार गए थे।

यह भी पढ़ें: जन सुराज पार्टी ने जारी की 51 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, मुस्लिम समुदाय के 8 नेताओं को बनाया उम्मीदवार