कांग्रेस ने विनय कुमार को हिमाचल प्रदेश में पार्टी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। विनय कुमार प्रतिभा सिंह की जगह लेंगे। प्रतिभा सिंह हिमाचल प्रदेश के कई बार मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह की पत्नी और मौजूदा पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह की मां हैं। प्रतिभा सिंह अप्रैल, 2022 से प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष थीं।

पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से शनिवार को जारी की गई विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कुमार की तत्काल प्रभाव से नियुक्ति को मंजूरी दी है।

विनय कुमार ने प्रदेश अध्यक्ष बनने से कुछ देर पहले ही राज्य विधानसभा के उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। विनय कुमार सिरमौर जिले की श्रीरेणुका जी सीट से विधायक हैं।

दलित समुदाय को साधने की कोशिश

कांग्रेस हाईकमान ने विनय कुमार को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त कर हिमाचल प्रदेश के दलित समुदाय के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश की है। हिमाचल प्रदेश में दलित समुदाय की आबादी 25% से ज्यादा है।

खबरों के मुताबिक, कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, दोनों ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर किसी दलित नेता को नियुक्त करना चाहते थे। इसके लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पार्टी के कुछ नेताओं के इंटरव्यू भी लिए थे।

बिहार में करारी हार के बाद महाराष्ट्र में कांग्रेस का बड़ा ऐलान

प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए विनय कुमार के अलावा शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, ठियोग से विधायक और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर, भोरंज विधायक सुरेश कुमार, पालमपुर विधायक आशीष बुटेल और कसौली विधायक विनोद सुल्तानपुरी भी दौड़ में शामिल थे।

अहम पदों पर रहे हैं विनय कुमार 

विनय कुमार हिमाचल कांग्रेस में कई अहम पदों पर रहे हैं। वह 2012 से 2017 तक हिमाचल प्रदेश की सरकार में मुख्य संसदीय सचिव (सीपीएस) का पद संभाल चुके हैं। इसके अलावा वह हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष भी रहे हैं। 

इंडिया गठबंधन में बिखराव, बिहार हार के बाद राहुल गांधी का साथ छोड़ देंगे कई दल?