उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पिछले कुछ समय कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष के निशाने पर है। जिसके चलते उन्होंने हाल ही में सूबे के बड़े अधिकारियों के साथ एक हाई लेवल मीटिंग की थी। जिसके बाद शुक्रवार को उन्होंने प्रदेश के छह वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस दौरान प्रदेश के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर आनंद कुमार का भी ट्रांसफर कर दिया गया है।

किसे मिली कहां पोस्टिंग: गृह विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस महानिदेशक/अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) आनंद कुमार को पुलिस महानिदेशक/महानिरीक्षक कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवा का मुखिया बनाया गया है। वहीं वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक एडीजी पीवी रामाशास्त्री को अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) बनाया गया है। उन्होंने बताया कि एडीजी (सतर्कता) ब्रज भूषण को एडीजी वाराणसी जोन नियुक्त किया गया है। जबकि एडीजी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड दीपेश जुनेजा को एडीजी (सुरक्षा) बनाया गया है।

गृह विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि एडीजी सुरक्षा विजय कुमार को एडीजी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड बनाया गया है जबकि एडीजी/आईजी कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं चंद्र प्रकाश को एडीजी नियम एवं ग्रन्थ नियुक्त किया गया है। बता दें कि इससे पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा था कि प्रदेश में शांति और कानून-व्यवस्था से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। जिलों में डीएम, एसपी या पुलिस अधीक्षक कानून एवं शांति व्यवस्था के लिए सीधे जिम्मेदार होंगे।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों के बीच सीएम योगी ने हाल ही में जिम्मेदार अधिकारियों की दो दिन तक लगातार मीटिंग ली। यही नहीं उनका कई जिलों में दौरा भी प्रस्तावित है।