छत्तीसगढ़ कांग्रेस के विधायकों के दिल्ली पहुंचने से राज्य की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। इसी को लेकर जब सीएम भूपेश बघेल से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि विधायकों का आना जाना लगा रहता है, हर व्यक्ति आजाद है। कहीं भी आ जा सकता है।

दरअसल छत्तीसगढ़ में जारी सीएम भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के बीच जारी टकराव के बीच 20 से ज्यादा विधायक दिल्ली पहुंच चुके हैं। यहां पहुंचकर विधायक कांग्रेस आलाकमान के साथ मुलाकात की मांग कर रहे हैं।

छत्तीसगढ़ का हाल भी कहीं पंजाब जैसा ना हो जाए… ये सवाल जब बघेल के सामने रखा गया तो वो अंकगणित समझाने लगे। बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़, छत्तीसगढ़ रहेगा, पंजाब नहीं हो सकता है। दोनों के बीच एक ही समानता है कि पंजाब भी अंक से बना हुआ राज्य है, पांच नदियों का पंजाब और ये छत्तीसगढ़। तो दोनों राज्य अंकों से बना हुआ है और किसी राज्यों के नाम अंकों से नहीं है। ये समानता है पंजाब और छत्तीसगढ़ में बाकि कोई समानता नहीं है”।

बताया जाता है कि छत्तीसगढ़ में जब कांग्रेस की सरकार बनी थी, तो बघेल और सिंहदेव के बीच ढाई-ढाई साल के लिए सीएम पद का फॉर्मूला तय हुआ था। अब जब भूपेश बघेल सरकार के बने ढाई साल से ऊपर का वक्त हो चुका है तो सिंहदेव अपनी दावेदारी जता रहे हैं। सिंहदेव सीएम पद के अलावा और किसी पद को लेने के लिए तैयार नहीं दिख रहे हैं।

इसी को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस में विवाद गहराता जा रहा है। दोनों नेताओं के साथ कांग्रेस आलाकमान की मीटिंग भी हो चुकी है। सबकुछ ठीक होने का दावा भी किया जा रहा है, लेकिन अचानक से छत्तीसगढ़ के कांग्रेस विधायकों दिल्ली पहुंचना राज्य की कुछ और ही कहानी बयां कर रही है।

शनिवार को दिल्ली पहुंचे विधायकों ने राजघाट पहुंच कर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कांग्रेस विधायक राम कुमार यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल और टीएस सिंह देव सहित सभी 70 कांग्रेस विधायक एकजुट हैं। हमारी सरकार अपना पांच साल का पूरा कार्यकाल पूरा करेगी। सीएम प्रदेश की जनता के लिए काम कर रहे हैं, जिसमें टीएस सिंह देव भी योगदान दे रहे हैं।

वहीं इस विवाद से इतर छत्तीसगढ़ सीएम भूपेश बघेल को यूपी चुनाव में कांग्रेस ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। बघेल को यूपी चुनाव के लिए वरिष्ठ पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बघेल ने कहा कि उनपर पार्टी ने विश्वास व्यक्त किया, उसके लिए धन्यवाद। एक बड़ी ज़िम्मेदारी दी है, मैं सोनिया, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के प्रति आभार व्यक्त करता हूं।