नई दिल्ली के शाहदरा स्थित सरकारी स्कूल 10 साल की नाबालिग के साथ रेप का मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम देने का आरोप सफाई कर्मचारी पर है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।
5 फरवरी को हुई वारदात : बताया जा रहा है कि नाबालिग पीड़िता नगर निगम के स्कूल में 5वीं कक्षा की छात्रा है। वह 5 फरवरी को स्कूल गई थी। उस दौरान लंच के बाद आरोपी सफाई कर्मचारी उसे स्कूल के एक खाली कमरे में ले गया। वहां उसने छात्रा को धमकाकर दुष्कर्म किया और किसी को न बताने के लिए कहा।
ऐसे हुआ खुलासा : नाबालिग डर के मारे चुप रही, लेकिन अचानक उसके पेट में तेज दर्द होने लगा। उसने 9 फरवरी को अपनी चाची को घटना की जानकारी दी। चाची ने टेस्ट कराया तो बच्ची से रेप की पुष्टि हुई। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मंडावली निवासी शिवराज (38) को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि पीड़ित नाबालिग करीब 3 महीने पहले ही अपनी चाची के साथ यूपी के बस्ती से दिल्ली आई थी।
पुलिस गिरफ्त में आरोपी : दिल्ली (पूर्व) के डीसीपी मेघना यादव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 और पोक्सो एक्ट के तहत रेप का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस यह भी जांच करने में जुटी है कि दोषी ने नाबालिग का कोई फोटो या वीडियो तो नहीं बनाया है।
5 साल से काम कर रहा था आरोपी : ईस्ट दिल्ली नगर पालिका का कहना है कि आरोपी सफाईकर्मी पूर्वी दिल्ली नगर निगम के 5 साल से सफाई का काम कर रहा था। स्कूल में उसकी नियुक्ति पिछले काम को देखते हुए की गई थी। घटना के बाद उसे काम से निकल दिया गया है।
