तुगलकाबाद इलाके में शनिवार दोपहर भारतीय जनता पार्टी और अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प के बाद एक कार में आग लगा दी गई। कार आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सही राम की थी। झड़प में दोनों तरफ से करीब दस लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) और एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। दोनों पार्टियों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाकर घटना की निंदा की है।

शनिवार दोपहर एक निजी चैनल के राजनीतिक दलों के बीच आयोजित कार्यक्रम में भाजपा और आप के समर्थक एक-दूसरे से भिड़ गए। झड़प के दौरान भाजपा और आप के कार्यकर्ता इतने उग्र हो गए कि दोनों ही पार्टियों के कई समर्थक घायल हो गए। पुलिस प्रवक्ता राजन भगत ने बताया कि दोनों पार्टियों के घायलों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि अगर किसी ने कार्यकर्ताओं को उकसाया भी था तो उन्हें पुलिस के पास जाना चाहिए था। किसी को भी कानून अपने हाथ में नहीं लेना चाहिए। भाजपा मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी दिल्ली में माहौल बिगाड़ने के लिए हिंसा का सहारा ले रही है। कपूर के मुताबिक, शनिवार को तुगलकाबाद में भाजपा के कार्यकर्ता जब एक टीवी चैनल के कार्यक्रम से लौट रहे थे तब आप के कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी पर हमला किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हैं। उन्होंने आप के भाजपा कार्यकर्ताओं के हाथों उनकी गाड़ी में आग लगाने के आरोप को सरासर झूठा बताया। कपूर ने कहा कि तुगलकाबाद में भाजपा नेता सुनील बिधूड़ी से भी दुर्व्यवहार किया गया।

दूसरी ओर आम आदमी पार्टी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी पर आरोप लगाया है। आप प्रवक्ता आतिशी का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने तुगलकाबाद से पार्टी के उम्मीदवार सहीराम पहलवान की कार को आग लगा दी। तुगलकाबाद में डीडीए के पार्क में एक टेलीविजन चैनल के चुनावों से संबंधित कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने यह हंगामा खड़ा किया। भाजपा कार्यकर्ता हथियार से लैश होकर आए थे और मौका मिलते ही आप कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया। आप प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा सांसद के भतीजे ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर आप कार्यकर्ताओं पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया। आप ने इस पूरे मामले पर पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाया है। पार्टी के मुताबिक, पुलिस पूरे मामले का तमाशा देखती रही। उन्होंने दिल्ली पुलिस से मांग की है कि वे गोविंदपुरी थाने में तुरंत सांसद के भतीजे सहित उनके समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए।