छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह भाजपा के सबसे लंबे कार्यकाल वाले मुख्यमंत्री बन गए हैं। उन्होंने नरेंद्र मोदी को पीछे छोड़ा। वहीं देश में देश में सबसे लंबे कार्यकाल वाले मुख्यमंत्रियों की सूची में वे 11वें स्थान पर आ गए हैं। सोमवार यानि 25 जुलाई को रमन सिंह का कार्यकाल 12 वर्ष 230 दिन का हो गया। उन्होंने 7 दिसंबर, 2003 को छत्तीसगढ़ के दूसरे मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। तब से लेकर अब तक उन्होंने 12 वर्ष 230 दिन पूरे कर लिए हैं।
पीएम नरेंद्र मोदी 7 अक्टूबर 2001 से 22 मई 2014 तक यानि 1 2 साल 229 दिन गुजरात के मुख्यमंत्री रहे थे। इसके बाद वे देश के प्रधानमंत्री बन गए थे। देश में सबसे लंबे समय तक सीएम रहने का रिकॉर्ड ज्योति बसु के नाम है। ज्योति बसु 23 साल से ज्यादा समय तक पश्चिम बंगाल के सीएम रहे थे। कम्युनिस्ट पार्टी के नेता बसु 21 जून 1977 से 5 नवंबर 2000 तक सीएम रहे। सिक्किम के सीएम पवन चामलिंग उनका रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। अप्रैल 2018 तक अगर वे सीएम रहे तो सबसे लंबे समय तक सीएम बनने का रिकॉर्ड उनके नाम होगा।

