उपेक्षित चंबल को बेहतर करने की कवायद में राजनेताओं को आईना दिखाने की एक कोशिश घोषणापत्र के जरिये की गई है। फूलन देवी की मां मुलादेवी के हाथो ‘चंबल मेनिफेस्टो 2019’ मेनोफेस्टिो जारी कराया गया। बीहड़ से संसद तक का सफर तय करने वालीं फूलन देवी के जालौन स्थित गांव शेखुपुरा गुढ़ा से इसे जारी किया गया।2019 चुनाव के कारण सभी राजनीतिक दल अपना घोषणापत्र जारी कर रहे हैं। वादों-दावों के दौर में ऐसा पहली बार हुआ है जब सदियों से कई गौरवपूर्ण और स्याह इतिहास को खुद में दफन किए चंबल का घोषणापत्र लाया गया है।
अपने आप में तीन राज्यों के कई इलाकों को समेटे घोषणापत्र में फूलन देवी के यूपी के जालौन स्थित शेखुपुरा गांव से लेकर मध्यप्रदेश, राजस्थान के चंबल के विकास के लिए कई सुझाव और समस्याओं को बताया गया है। शिक्षा, रोजगार, सड़क, पानी जैसी कई समस्याएं हैं, जिसके जड़ से समाने से चंबल के लोगों का जीवन स्तर आज भी किसी तीसरी दुनिया के देश के बदहाल इलाके की तरह है। चंबल में फिल्म सिटी बनाने की भी मांग की गई है।
महजनपद काल में इस धरा ने द्रोपदी की बगावत को देखा। तब पहली बार यहां चंबल के किनारे चमड़ा सुखाने की परंपरा को बंद कराया गया। शायद यह पर्यावरण बचाने का आदि संदेश था। मध्यकाल में भी दिल्ली की सत्ता कभी इस इलाके को काबू में नहीं रख सकी। दिल्ली के बगावती तब चंबल के बीहड़ों में शरण लेते। फिर तो यहां के बीहड़ बगावत का एक सिलसिला ही बन गए। आजादी आंदोलन में अंग्रेजों को सबसे बड़ी चुनौती चंबल के इलाकों में इसी रवायत के कारण मिली। व्यक्ति गत उत्पीड़न और अन्याय के खिलाफ भी बगावत की अभिव्यक्ति चंबल में जारी रही। बंदूक उठाकर बीहड़ में कूदना, सरकार, राजनीति और पुलिस के संरक्षण में पोसे जाने वाले जालिमों को मटियामेट करने के संकल्प को परिभाषित करने वाला मुहावरा बन गया।
1 . ‘चंबल आयोग’ बनाया जाए
2 .ऐतिहासिक धरोहरों को संरक्षित कर पर्यटन मानचित्र से जोड़ा जाए
3 . ‘चंबल विकास बोर्ड’ का गठन किया जाए
4 . लोकनायक जेपी के सुझावों को लागू किया जाए
5 . पुल व सड़क और विद्युत से चंबल के बीहड़ में बसे गांवों को जोड़ा जाए
6. रोजगार के अवसर पैदा कर पलायन को रोका जाए
7. ‘चंबल फिल्मसिटी’ की स्थापना की जाए
8. दिल्ली सहित तमाम महानगरों में चंबल भवन बनाया जाए
9. भारतीय सेना में चंबल रेजीमेंट की स्थापना की जाए
10. पचनद बांध योजना को क्रियान्वित किया जाए
11. चंबल औषधीय रिसर्च सेंटर खोला जाए
12. चंबल में सैनिक स्कूल खोला जाए
13. औरैया में क्रांति संग्रहालय की स्थापना की जाए