किसान आंदोलन में शामिल रहे भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के जिला प्रधान पर टोल प्लाजा पर वसूली और मारपीट करने का आरोप लगा है। रोहतक जिले के जिला प्रधान राजू मकडौली पर मकडौली टोल प्लाजा पर अवैध वसूली करने का आरोप लगाया गया है। टोल प्लाजा के कर्मियों ने इसके संबंध में एफआईआर भी दर्ज कराई है और पुलिस ने इसकी पुष्टि भी कर दी है। रोहतक पुलिस ने टोल कर्मियों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।

टोल कर्मियों ने आरोप लगाया है कि जिला प्रधान राजू मकडौली किसान यूनियन के नाम का इस्तेमाल कर टोल प्लाजा पर अवैध रूप से हफ्ता वसूली करता है और टोल कर्मियों से मारपीट भी करता है। टोल कर्मियों ने बताया है कि राजू मकडौली ने फायरिंग भी की है और मारपीट करते हुए टोल प्लाजा ने वीडियो भी जारी किया है। टोल कर्मियों द्वारा मुकदमा दर्ज कराए जाने के बाद रोहतक पुलिस ने जिला प्रधान राजू मकडौली को गिरफ्तार भी कर लिया है।

बता दें कि भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) ने अग्नीपथ योजना के विरोध में 3 घंटे टोलफ्री करवाने का ऐलान किया था और धरना दिया था। लेकिन इस दौरान भी जिला प्रधान राजू मकडौली की रोहतक पुलिस के साथ झड़प हुई थी। यूट्यूब चैनल हरियाणा तक से टोल कर्मी ने बात करते हुए कहा कि जिला प्रधान ने एनएचएआई के एक कमरे पर कब्जा किया हुआ है और वहीं पर 5-6 लड़कों के साथ रहता है।

वहीं पूरी घटना पर बात करते हुए डीएसपी विनोद कुमार ने मीडिया को बताया, “रात को करीब 11 बजे हमें टोल से फोन आया कि यहां पर झगड़ा हो रहा है और फायरिंग हो रही है। हम भी मौके पर पहुंचे। वहां पर मौजूद टोल कर्मियों ने बताया कि राजू मकडौली ने फायरिंग की है और इसके बाद हमने उनके कहने पर केस दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया।”

वहीं पूरे मामले को लेकर भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के अध्यक्ष गुरनाम सिंह (चढूनी) भी टोल प्लाजा पर पहुंचे और लोगों से पूछा कि क्या सच में जिला प्रधान ने पैसे लिए हैं? उसके बाद उन्होंने कहा कि हमने जांच की लेकिन किसी ने नहीं बताया कि उन्होंने पैसे लिए हैं और हमें इसका कोई सबूत नहीं मिला है।