जम्मू कश्मीर में सुरक्षा बल के जवानों पर पत्थर फेंकने वाली महिला-लड़कियों से निपटने के लिए केंद्र सरकार ने महिला बटालियन तैयार करने का मन बनाया है। इसके लिए राज्य सरकार को निर्देश भी दे दिए गए हैं। इस बटालियन को बनाने के लिए उस राशि में से पैसे को खर्च किया जाएगा जो केंद्र सरकार ने जम्मू कश्मीर को दी थी। केंद्र सरकार ने जम्मू कश्मीर को 80 हजार करोड़ का पैकेज दिया था। इंडियन एक्सप्रेस को मिली जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार (27 अप्रैल) को उस पैकेज के कार्यान्वयन की समीक्षा की। राजनाथ सिंह ने राज्य से ऑल वुमन इंडिया रिजर्व बटालियन (IRB) बनाने के लिए कहा है। जो कि महिला पत्थरबाजों से निपट सके।

पिछले दिनों श्रीनगर में स्कूल की छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षा बल के जवानों पर पत्थर फेंकते देखा गया था। यह बटालियन केंद्र सरकार द्वारा गठित पांच IRB में से एक होगी। इसमें कुल 5,00 पोस्ट हैं जिनके लिए अबतक 1,40,000 उम्मीदवारों की अर्जी आ चुकी है। जिसमें से 6,000 सिर्फ लड़कियों की है। इसको देखते हुए महिलाओं की अलग बटालियन बनाने का फैसला लिया गया है। हर बटालियन को बनाने के लिए तकरीबन 61 करोड़ रुपए खर्चा आएगा। इसका 75 प्रतिशत खर्च केंद्र सरकार उठाएगी।

बता दें कि अनंतनाग लोकसभा सीट के लिए उपचुनाव होने हैं। इसके लिए 25 मई की तारीख तय की गई है। चुनाव आयोग चाहता है कि वोटिंग को शांतिपूर्वक पूरा करने के लिए केंद्रीय सुरक्षा बल की 750 कंपनी तैनात की जाएं। यानी लगभग 75,000 जवान। ऐसा इसलिए है क्योंकि श्रीनगर उपचुनाव के दौरान काफी हिंसा हुई थी। वहां का वोटिंग प्रतिशत भी काफी बुरा रहा था।