उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में गोकशी की अफवाह पर भड़की हिंसा को लेकर दर्ज दोनों मामले (कथित गोहत्या और इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की हत्या) सुलझ गए हैं। यह दावा पुलिस ने एक मामले के मुख्यारोपी को गिरफ्तार करने के बाद किया है। हालांकि, अभी भी दोनों मामलों से जुड़े कुछ पहलू अभी भी गायब हैं। मसलन हिंसा के दौरान शहीद हुए इंस्पेक्टर सुबोध की पिस्टल का कोई अता-पता नहीं लग पाया है। कहा जा रहा है कि यह वही पिस्टल थी, जिससे उन्हें गोली मारी गई थी। चूंकि कई बार इस हिंसा को साजिश बताया गया, पर उसकी भी पुष्टि नहीं हो पाई है।
बता दें कि बुलंदशहर के स्याना गांव में तीन दिसंबर को गोकशी की अफवाह पर हिंसा हुई थी, जिसमें इंस्पेक्टर सुबोध समेत दो लोगों की गोली लगने से जान चली गई थी। फिलहाल पुलिस ने गोहत्या के मामले में आठ लोग गिरफ्तार किए, जिनमें से किसी का भी राजनीतिक जुड़ाव नहीं निकला है।
हालांकि, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के स्थानीय नेताओं ने शनिवार को दबोचे गए मुख्यारोपी हारुन खान मोहम्मद (गोकशी के केस में) पर आरोप लगाया कि उसके तार समाजवादी पार्टी (सपा) से जुड़े हैं। इससे पहले, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि बुलंदशहर हिंसा एक साजिश थी, जिसे उनकी सरकार नाकामयाब करने में सफल रही। पर पुलिस ने अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस के हवाले से ईटी की रिपोर्ट में कहा गया- आठ लोग गिरफ्तार हुए हैं, जो कि हारुन और नदीम के कहे अनुसार चल रहे थे। उन्होंने कथित तौर पर दो लाइसेंसी बंदूकों से चार गायों की हत्या की। घटना के बाद उन्होंने लाशें मैदानी इलाके में फेंकीं, जिनके अवशेष अगले दिन ग्रामीणों को मिले थे। पुलिस ने दो बार में आरोपियों की गिरफ्तारी की हैं। पहली- 18 दिसंबर को हुई, जबकि दूसरी बार 29 दिसंबर को कुछ लोग धरे गए।
इंस्पेक्टर की हत्या के मामले में पुलिस का दावा है कि उसने मुख्यारोपी प्रशांत नट्ट को गिरफ्तार किया, पर उसे सीधे जेल भेजा गया। उसे एक दिन के लिए भी हिरासत में नहीं रखा गया था और न ही उसके लिए कोर्ट से मांग की गई थी। ऐसा तब हुआ, जब नट्ट ने सिंह को मारने के लिए उन्हीं की पिस्टल का इस्तेमाल किया था।
पुलिस के अनुसार, नट्ट ने सिंह की लाइसेंसी पिस्टल उनसे छीन ली थी। शनिवार को पुलिस ने मीडिया के समक्ष मुकेश कुमार नाम के चश्मदीद को पेश किया था, तब उसने दावा किया, “मैंने नट्ट को सिंह पर गोली चलाते देखा था।” वहीं, पुलिस ने भी कहा कि उसके पास एक वीडियो है, जिसमें नट्ट सिंह से झगड़ते दिख रहा था।
