लोकसभा चुनाव में पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद बसपा सुप्रीमो एक्शन मोड में आ गई हैं। मायावती ने खराब प्रदर्शन के लिए उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, ओडिशा, गुजरात और राजस्थान के प्रभारी की उनके पद से छुट्टी कर दी है। मायावती ने दिल्ली और मध्यप्रदेश के पार्टी अध्यक्ष को भी हटा दिया है।
राष्ट्रीय राजधानी में लक्ष्मण सिंह को नया प्रभारी बनाया गया है। लक्ष्मण सिंह सुरेंद्र सिंह की जगह लेंगे। वहीं मध्यप्रदेश में रमाकांत पुत्तल डीपी चौधरी के स्थान पर राज्य के नए पार्टी प्रमुख होंगे। बसपा प्रमुख हार के कारणों का विश्लेषण करने के लिए राजधानी में मौजूद हैं। उन्होंने शनिवार को राज्यों के प्रभारियों और प्रदेश अध्यक्ष की मीटिंग बुलाई थी।
इसमें पार्टी के राज्यवार प्रदर्शन पर चर्चा की गई। बताया जा रहा है कि लोकसभा चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन उम्मीद के अनुरूप नहीं होने से मायावती काफी नाराज हैं। समीक्षा के दौरान उत्तर प्रदेश में पार्टी के अध्यक्ष आरएस कुशवाहा को उत्तराखंड प्रभारी के पद से हटा दिया गया है।
उत्तराखंड में एमएल तोमर पार्टी के नए प्रभारी की जिम्मेदारी संभालेंगे। पार्टी की तरफ से ओडिशा-गुजरात के प्रभारी पद से छट्ठुराम की छुट्टी हो गई है। उन्हें अब बिहार-झारखंड का प्रभारी बनाया गया है। वहीं पार्टी के पूर्व सांसद बलिराम को बिहार के सेंकेंड इंचार्ज पद से मुक्त कर दिया गया है।
गुजरात और महाराष्ट्र के नए प्रभारी के रूप में रामअचल राजभर की नियुक्ति की गई है। राजभर इससे पहले बिहार के प्रभारी की भूमिका निभा रहे थे। पार्टी ने राजस्थान में मुनाकद अली की प्रभारी पद से हटा दिया है। मायावती इसके बाद यूपी के जोन इंचार्ज और जिला अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगी।
बैठक में नव निर्वाचित सांसदों के भी शामिल होने की खबर है। बैठक में संगठन में महत्वपूर्ण फेरबदल किया जा सकता है। इससे पहले मायावती ने उत्तर प्रदेश में महागठबंधन को उम्मीद के अनुरूप सफलता नहीं मिलने पर नाराजगी व्यक्त की।