Gujarat Assembly Election: गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी के बाद अब भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार (11 नवंबर, 2022) को स्टार प्रचारकों की लिस्ट (BJP Star Campaigners List) जारी कर दी है। स्टार प्रचारकों की सूची में पीएम मोदी (PM Modi), गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah), रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh), परिवहन मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) समेत कुल 40 स्टार प्रचारकों के नाम शामिल हैं। बता दें, गुजरात में अगले महीने विधानसभा चुनाव होंगे।
वहीं पार्लियामेंट्री बोर्ड और केंद्रीय चुनाव समिति से हटाए गए केंद्रीय मंत्री नीतिन गडकरी को स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शामिल किया गया है। वहीं, गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी और पूर्व उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है। दोनों ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या और राज्य के गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी भी स्टार प्रचारक बनाए गए हैं। फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी और एक्टर परेश रावल भी स्टार प्रचारकों लिस्ट में शामिल हैं।
सूची में इसके अलावा सीआर पाटिल, भूपेंद्र पटेल, अर्जुन मुंडा, स्मृति ईरानी का नाम भी शामिल है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, असम के मुख्यमंत्री हेमंता बिस्वा सरमा और महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस भी भाजपा के लिए चुनाव प्रचार करते हुए नजर आएंगे।
वहीं इसके अलावा अन्य केंद्रीय मंत्रियों धर्मेंद्र प्रधान, भूपेंद्र यादव, पुरषोत्तम रूपाला, मनसुख मंडाविया को भी प्रचार करने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, भोजपुरी गायकों और पार्टी सांसदों मनोज तिवारी, रवि किशन और दिनेश लाल यादव निरहुआ भी भाजपा के लिए वोट मांगते नजर आएंगे।
आम आदमी पार्टी जारी कर चुकी है 20 स्टार प्रचारकों की सूची
बता दें, इससे पहले मंगलवार को आम आदमी पार्टी ने गुजरात विधानभा चुनाव को लेकर स्टार प्रचारकों की एक सूची जारी की थी। पार्टी के स्टार प्रचारकों में दिल्ली के मुख्यमंत्री और पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल, डिप्टी मनीष सिसोदिया और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, आप सांसद संजय सिंह, पूर्व क्रिकेटर और पंजाब से राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह और राघव चड्ढा भी गुजरात के लिए 20 स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल हैं।