भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने छत्तीसगढ़, गुजरात, झारखंड, मणिपुर और ओडिशा में होने वाले आगामी विधानसभा उप-चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी ने रविवार (11 अक्टूबर, 2020) को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी सूचना दी। इसके मुताबिक भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में उम्मीदवारों के नामों पर मोहर लगी।

छत्तीसगढ़ की मरवाही सीट पर डॉक्टर गंभीर सिंह को टिकट दिया गया है। गुजरात की सात सीटों पर भी पार्टी ने उम्मीदवार तय कर लिए हैं। इसमें प्रदेश की अबदासा सीट से पी. सिंह जडेजा, मोरबी से बृजेश मिर्जा, धारी से जेवी काकड़िया, गधादा से आत्माराम परमार, कर्जन से अक्षय पटेल, दंग्स से विजय पटेल और कप्रादा से जीतूभाई चौधरी को पार्टी प्रत्याशी चुना गया है।

झारखंड में दुमका सीट के लिए डॉक्टर लुईस मरांडी और बेरमो सीट से योगेश्वर महतो को टिकट दिया है। इसी तरह मणिपुर की वानगोई से ओइनाम लुखोई सिंह, वांगजिंग-टेनथा से पोनम ब्रोजन सिंह, सैतु से नगामथंग हाओकिप और सिंघात से जिनसुआनहुआ उर्फ जीएस हैपू जोउ को टिकट दिया है। ओडिशा में बालासोर विधानसभा सीट पर मानस कुमार दत्ता और तिरतोल सीट पर राजकिशोर बेहरो को भाजपा प्रत्याशी बनाया गया है।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार उप चुनाव में प्रत्याशियों के नामों को चुनने की प्रक्रिया के दौरान चुनाव समिति की बैठक में पीएम नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के अलावा रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के अलावा केंद्रीय चुनाव समिति के अन्य सभी सदस्य उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि चुनाव आयोग ने सभी 54 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है। इसमें ओडिशा, नागालैंड, कर्नाटक, यूपी, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, झारखंड, हरियाणा, गुजरात और छत्तीसगढ़ की सीटें शामिल हैं। इन सीटों पर 3 नवंबर को मतदान होगा। नामाकंन के लिए 16 अक्टूबर आखिरी तारीख है। 19 अक्टूबर तक नामांकन वापस लिए जा सकते हैं। 10 नवंबर को मतगणना होगी और इसी दिन नतीजे घोषित किए जाएंगे।