केंद्र में मोदी सरकार के आठ साल पूरे होने पर देशभर में भाजपा कई कार्यक्रम कर रही है। इस दौरान अधिकांश केंद्रीय मंत्री भी कई राज्यों में दौरा कर रहे हैं। इस के तहत बीते 31 मई, मंगलवार को मोदी सरकार में केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर आंध्र प्रदेश के दौरे पर थे। जहां उनका जन्मदिन भी मनाया गया।
बता दें कि राजीव चंद्रशेखर का जन्मदिन 31 मई को होता है। ऐसे में वो इस दिन मोदी सरकारी की आठवीं वर्षगांठ समारोह की शुरुआत करने के सिलसिले में आंध्र प्रदेश में थे। इस दौरान वह गरीब कल्याण सम्मेलन में भाग लेने के लिए राजमुंदरी पहुंचे थे। यहां पार्टी कार्यकर्ताओं को जब मंत्री के जन्मदिन के बारे में जानकारी हुई तो उत्साहित कार्यकर्ता चार केक लेकर आए। वहीं एक किसान राजीव चंद्रशेखर के लिए अपने खेत से केले लेकर पहुंचा।
इसे देख चंद्रशेखर ने भावुक होते हुए कहा कि मैं अपना जन्मदिन आमतौर पर अपनी पत्नी, बेटी और बेटे के साथ शांति से मनाता हूं लेकिन इस बार का जन्मदिन उनके लिए यादगार रहेगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह से लोगों ने मेरे जन्मदिन पर अपना प्यार दिया है, वो मेरे लिए एक विशेष याद के रूप में अंकित रहेगा। बता दें कि राजीव चंद्रशेखर के जन्मदिन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें तिरुपति बालाजी मंदिर का ‘प्रसाद’ भी दिया।
बता दें कि 30 मई को ही नरेन्द्र मोदी ने दूसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। ऐसे में केंद्र में 8 साल पूरा होने पर भाजपा देशभर में कई विशेष कार्यक्रम कर रही है। वहीं यूपी में बीजेपी 30 मई से 15 जून 2022 तक पूरे राज्य में 8 साल ‘सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण’ के कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इस दौरान पार्टी नेता लोगों को मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनवाएंगे।
राजीव चंद्रशेखर: बता दें कि जनहित और देशहित के तमाम बड़े मुद्दों पर राजीव चंद्रशेखर अपनी आवाज बुलंद करते रहे हैं। 15 सालों से राज्यसभा सदस्य राजीव चंद्रशेखर संसद के सक्रिय सदस्य माने जाते हैं। कई मुद्दों पर वो अपनी बेबाक राय रखते हैं। पहली बार कर्नाटक से राज्यसभा के लिए मई 2006 में चुने गए थे।
सांसद रहने के दौरान वह वित्त पर संसदीय स्थायी समिति के सदस्य, लोक लेखा समिति (पीएसी), डेटा संरक्षण बिल के लिए बनी संयुक्त समिति के सदस्य, आईटी सलाहकार समिति के सदस्य, विदेशी मामलों के लिए भारतीय परिषद के सदस्य आदि विभिन्न महत्वपूर्ण संसदीय समितियों में रहे।
