झारखंड के कांके से भाजपा विधायक समरी लाल पर उनकी पत्नी अनीता देवी ने मारपीट और घरेलू हिंसा का आरोप लगाया है। इसके साथ समरी लाल की पत्नी और बेटी ने उनकी विधायकी खत्म करने की मांग की है। पत्नी ने आरोप लगाया कि समरी लाल रोज शराब पीकर उन्हें पीटते हैं।
समरी लाल की बेटी और पत्नी बीजेपी के दफ्तर पहुंचे और अपनी व्यथा बताई। विधायक की बेटी ने कहा कि वह हम दोनों के साथ हिंसा करते हैं। उन्होंने हमें जान से मारने की धमकी भी दी है। बेटी का कहना है कि समरी लाल ने कहा कि वह भाजपा के विधायक हैं, किसी भी थाने में उनके खिलाफ मामला दर्ज नहीं होगा। शुक्रवार की सुबह विधायक की पत्नी, बेटी और दामाद पार्टी कार्यालय पहुंचे और अपनी आपबीती सुनाई। हालांकि उस समय पार्टी दफ्तर में कोई पदाधिकारी मौजूद नहीं था। समरी लाल के परिवार ने उनकी विधायकी खत्म करने की मांग की।
वहीं इस मामले पर समरी लाल का कहना है कि यह मामला घरेलू है। इसे लेकर पार्टी दफ्तर आने की आवश्यकता नहीं थी। समरी लाल ने कहा कि उनकी पत्नी राजस्थान के झुंझनू में नौकरी में करती हैं। फिलहाल वह घर आई हुई हैं और उनके बेटी दामाद भी घर पर हैं। मुझे पता चला है कि मेरी भाभी और भतीजी का बेटी दामाद से झगड़ा हुआ है। जिसके बाद इन लोगों के बीच बात बढ़ गई और फिर इन लोगों ने मारपीट की।
समरी लाल ने कहा कि इस विवाद में उनकी कोई भूमिका नहीं है। समरी लाल ने कहा कि वह घर जाकर सभी को समझाएंगे। वहीं, भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों ने इसे विधायक का पारिवारिक मामला बताते हुए कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
