महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर से तनातनी की स्थिति पैदा हो गई है। भाजपा नेता किरीट सोमैया को सोमवार को सतारा जिले के कराड रेलवे स्टेशन से पुलिस ने उस वक्त हिरासत में ले लिया जह वह कोल्हापुर के लिए रवाना हो रहे थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार कोल्हापुर में वह गणेश विसर्जन के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जाने वाले थे। कोल्हापुर में 20 और 21 सितंबर को सभी सभाओं पर रोक लगाते हुए धारा 144 लागू कर दिया गया है। किरीट सोमैया महालक्ष्मी एक्सप्रेस से कोल्हापुर के लिए रवाना हुए थे, पुणे रेलवे स्टेशन पर बीजेपी के कुछ कार्यकर्ता पहुंचे थे, जिन्होंने सोमैया को कंधे पर उठाकर नारेबाजी भी की थी। आज सुबह उन्होंने ट्वीट करके बताया था कि वह एक और घोटाले का खुलासा करने जा रहे हैं।
किरीट सौमेया की गिरफ्तारी पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने नाराजगी जाहिर की है। बीजेपी नेता चंद्रकांत पाटिल ने इसे ठाकरे सरकार की तानाशाही करार देते हुए कहा कि सोमैया की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है, क्योंकि वह महाविकास अघाड़ी के मंत्रियों का पर्दाफाश कर रहे हैं।
किरीट सोमैया के समर्थन में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि ये महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी के राज में क्या हो रहा है। पहली बार किसी शख्स को इस लिए हिरासत में लिया गया क्योंकि भ्रष्टाचार के आरोपों के खिलाफ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने जा रहा था। महाराष्ट्र बीजेपी के नेता प्रतीक करपे ने इस मामले पर सवाल दागते हुए पूछा कि क्या महाराष्ट्र में इमरजेंसी के दिन वापस आ गए हैं? भाजपा नेता को अवैध तरीके से हिरासत में लिया जा रहा है। महाविकास अघाड़ी सरकार, राज्य के इतिहास में अब तक की सबसे असहिष्णु सरकार है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि किरीट सोमैया ने उद्धव सरकार में ग्रामीण विकास मंत्री और कोल्हापुर के कागल से विधायक मुश्रीफ पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। सोमैया के अनुसार मुश्रीफ के परिजनों के नाम बेनामी संपत्ति भी रखी गई है। सोमैया का आज का कोल्हापुर दौरा पहले से तय था लेकिन इसे उनकी जान पर खतरा बताते हुए रद्द कर दिया गया।
बीजेपी नेता के कोल्हापुर में दाखिल होने पर रोक लगाई गई है, प्रशासन ने आशंका जताई है कि जिले में उनके प्रवेश से कानून व्यवस्था बिगड़ सकती है। प्रशासन ने अपने आदेश में यह भी कहा है कि पुलिस गणेश विसर्जन में व्यस्त रहेगी, ऐसे में सोमैया को सुरक्षा मुहैया कराना संभव नहीं होगा।