भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा. दिनेश शर्मा ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद अयोध्या में भगवान राम का मंदिर बनेगा। इसके लिए केंद्र की मोदी सरकार मंदिर निर्माण के लिए 225 करोड़ रुपए का बजट पास कर चुकी है। ताकि अयोध्या में भगवान राम का मंदिर बन सके। शर्मा ने बुधवार को यहां पत्रकारों से कहा कि भाजपा भगवान राम की पार्टी है, बाकी सपा, बसपा और कांग्रेस को केवल चुनाव में भगवान राम याद आते हैं। जबकि भाजपा दिन रात भगवान राम का जाप करती है। शर्मा ने कहा कि 2019 के चुनाव में कांग्रेस अमेठी और रायबरेली से भी साफ होने वाली है।

अमेठी और रायबरेली की जीत के लिए भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर निकल चुके हैं। यहां के कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए 22 अक्तूबर को केंद्र सरकार के तीन मंत्री अमेठी आ रहे हैं। जिसमें कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी, मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान एक दिवसीय दौरे पर अमेठी आएंगे। शर्मा ने कहा कि सपा का पूरा परिवार बिखर चुका है। जिससे अखिलेश यादव के पास राम के अलावा कुछ भी नहीं बचा है। लेकिन अभी वे सपा का नकली जामा पहनकर घूम रहे हैं। जबकि मुलायम का पारिवारिक झगड़ा जनता के सामने आ चुका है।

Video: उत्तर प्रदेश की राजनीति में फिर गर्माया राम मंदिर मुद्दा; अयोध्या में रामायण संग्रहालय बनवाएगी सरकार

शर्मा ने कहा कि भाजपा में मुख्यमंत्री के दर्जनों चेहरे हैं। इसलिए भाजपा मुख्यमंत्री का चेहरा पेश नहीं करेगी। बल्कि नरेंद्र मोदी के चेहरे पर पूरा चुनाव होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सवा दो साल में देश की जनता को 70 योजनाएं दे चुकी है। उम्मीदवारों की सूची पर उन्होंने कहा कि इस पर मंथन चल रहा है। सपा, बसपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों की सूची आने के बाद भाजपा उम्मीदवारों की सूची जारी करेगी। इस मौके पर फैजाबाद मंडल के बसपा प्रभारी प्रियंक हरिविजय तिवारी भाजपा में शामिल हो गए हैं। इसके पहले तिवारी विधानसभा का दो चुनाव लड़ चुके हैं। डा. शर्मा के साथ जिलाध्यक्ष उमाशंकर मिश्र, राजकुमार अनंत विक्रम सिंह, आशीष शुक्ल, काशी तिवारी, रश्मि सिंह और सुधांशु शुक्ल समेत नेता मौजूद थे।