बिहार के स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने राजद और कांग्रेस में टूट की संभावना जताई है। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के उनके दूसरे दामाद को नोटिस भेजने पर पांडेय ने आरोप लगाया कि लालू प्रसाद ने भ्रष्टाचार के मकड़जाल में अपने परिवार को फंसा दिया है। जिस तरह से अपने बेटों को फंसाया अब अपने दामादों को भी फंसा चूके हैं। उन्होंने दावा किया कि राजद की सहयोगी पार्टी कांग्रेस बिहार में जल्द टूटेगी। पांडेय ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए दावा किया कि बिहार ही नहीं बल्कि देश में भी अब कांग्रेस का सफाया तय है।
उन्होंने दावा किया कि राजद भी अब टूट के कगार पर है। राजद के कई नेता अन्य दूसरे दलों के संपर्क में हैं। पांडेय ने लालू के छोटे पुत्र और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को नौसिखुआ होने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि राजद के बड़े नेता तेजस्वी के नेतृत्व में काम नहीं करना चाहते हैं। सभी राजग की तरफ नजर लगाए हुए हैं। भाजपा की हिमाचल प्रदेश इकाई के प्रभारी पांडेय ने कहा कि इस साल होने वाले कई राज्यों के विधानसभा चुनावों में जनता गुजरात और हिमाचल सहित अन्य विकसित राज्यों से प्रेरित हो भाजपा को सत्ता सौंपेगी।
उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई वाली राजग सरकार देश में विकास की गाथा लिख रही है। वहीं दूसरी तरफ, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तिब्बती धर्मगुरू दलाई लामा से मंगलवार को मुलाकात की। गया जिले के टेकारी प्रखंड के लाव गांव में विकास कार्यों की समीक्षा यात्रा के बाद मुख्यमंत्री हवाई मार्ग से बोधगया पहुंचे। भागवान बुद्ध की ज्ञान स्थली बोधगया में दलाई लामा पिछले 15 दिनों से मौजूद हैं।
मुख्यमंत्री के मुलाकात करने पर तिब्बती धर्म गुरू ने उन्हें आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं की। गत एक जनवरी को दलाई लामा के बोधगया आगमन के बाद मुख्यमंत्री की उनसे यह दूसरी मुलाकात है। इससे पहले 8 जनवरी को नीतीश कुमार बोधगया आए थे। मुख्यमंत्री ने करीब एक घंटे तक दलाई लामा के सानिध्य में रहकर उनसे कई अध्यात्मिक बातें की। इस मौके पर दलाई लामा ने मुख्यमंत्री को शाल एवं प्रतीक चिह्न भेंट किया।