महिलाओं के वोट बैंक को साधने के लिए भाजपा ने महिला संगठनों की करीब पांच हजार बैठकें करने की कार्य योजना तैयार की है। यह जानकारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने दी। उन्होंने कहा कि आखिरी दौर में पार्टी का शीर्ष नेतृत्व प्रचार की कमान संभालेगा और खुद पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व गृहमंत्री अमित शाह भी सभाओं को संबोधित करेंगे।

महिलाओं के बीच तालमेल को बेहतर बनाए रखने के लिए पार्टी की सह प्रभारी अलका गुर्जर इस मुहिम का कार्यभार संभाल रही हैं। इसका मकसद केंद्रीय योजनाओं की जानकारियां और अब तक दिल्ली में निगम द्वारा हुए कामों को इन महिलाओं तक पहुंचाना होगा। इसके अंतर्गत विशेष समूह जैसे आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, विभिन्न महिला सहायता समूह और संगठनों को प्रचार में जोड़ा जाएगा। पार्टी के मुताबिक आने वाले दिनों में कुल दस हजार के करीब बैठकें तय की गई है।

राहत का पिटारा बन कर आएगा घोषणा पत्र : दिल्ली में निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी कचरे के पहाड़ों को लेकर भाजपा पर निशाना साध रही है। भाजपा जल्द ही अपना चुनाव घोषणा पत्र लेकर आएगी। पार्टी इसमें आम जनता को वित्तीय राहत देने के प्रावधान लेकर आएगी, जो इस चुनाव में उनका मुख्य कार्ड होगा। इसमें कारोबारियों के लिए निगम से संबंधित कामकाज की प्रक्रिया को आसान बनाना और उन्हें वित्तीय राहत देना भी शामिल होगा।

इसके अतिरिक्त भाजपा सील संपत्तियों के मामले में भी छोटे संशोधन के माध्यम से दिल्ली वालों को राहत देने की तैयारी कर रही है। सीधी टक्कर का अधिक लाभ मिलेगा : दिल्ली नगर निगम की सत्ता में भारतीय जनता पार्टी बीते 15 साल से काबिज है और पार्टी का दावा है कि अब तक चुनाव में दो दलों की सीधी टक्कर में भाजपा को लाभ हुआ है। यह बीते तीन बार की जीत का आधार बना है।

पार्टी का मानना है कि निगमों के अलग-अलग होने की वजह से पूर्वी दिल्ली नगर निगम को सबसे अधिक वित्तीय नुकसान उठाना पड़ रहा था। केंद्र सरकार के निर्णय के बाद इस क्षेत्र को वित्तीय आधार पर राहत हुई है, क्योंकि अन्य दो निगम की वित्तीय हालात अधिक बेहतर है। दिल्ली सरकार द्वारा वक्त पर पैसा नहीं मिल पाने के कारण यह स्थिति पैदा हुई थी, लेकिन अब सीधे केंद्र सरकार से पैसा मिलने से तकनीकी दिक्कतें कम हुई है। आने वाले दिनों में इस स्थिति में और सुधार होगा।