बड़े-बड़े वादे और इरादे राष्ट्रीय राजनीति में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पहचान बनते जा रहे हैं। पार्टी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का कद इतना बढ़ गया है कि आम तौर पर कोई भी भाजपा नेता उन दोनों की राय के प्रतिकूल विचार रखने से बचता है। लेकिन हाल ही में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव पी मुरलीधर राव की जबान कर्नाटक में एक पार्टी बैठक के दौरान फिसल गयी जिसके लिए उन्हें गहरा अफसोस हो रहा होगा।

मुरलीधर राव ने पार्टी की बैठक में कहा दिया कि कर्नाटक में अगले साल होने वाले विधान सभा चुनाव में कांग्रेस 150 सीटें जीतेगी। कर्नाटक में सरकार बनाने के लिए 113 सीटें ही काफी होती हैं। राव को तुरंत ही अपनी भूल का अहसास हो गया और उन्होंने अपनी बात दुरस्त करते हुए कहा कि कर्नाटक में आगामी विधान सभा चुनाव में भाजपा 150 सीटें जीतेगी। लेकिन राव की अनचाही भूल से पार्टी को अवांछित नुकसान हो गया। उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर लीक हो गया। आखिर में मुरलीधर राव ने भाजपा के सोशल मीडिया सेल को उनके संबोधन का पूरा वीडियो जारी करने के लिए कहा।

कर्नाटक में अभी कांग्रेस की सरकार है। कांग्रेस के के सिद्धारमैया राज्य के मुख्यमंत्री हैं। कर्नाटक में पिछला विधान सभा चुनाव मई 2013 में हुआ था। राज्य में विधान सभा की कुल 225 सीटे हैं। पिछले चुनाव में कांग्रेस ने राज्य की 125 सीटों पर जीत हासिल करके भाजपा को सत्ता से बाहर कर दिया था। भाजपा को 44  और जनता दल (सेकुलर) 40 सीटों पर जीत मिली थी। बाकी सीटें अन्य पार्टियों और निर्दलियों के खाते में गयी थीं।

https://www.youtube.com/watch?v=ok-V5oDndjI

2013 के चुनाव में भाजपा को बीएस येदियुरप्पा के पार्टी छोड़ने का बड़ा नुकसान हुआ था। येदियुरप्पा के नेतृत्व में ही भाजपा पहली बार किसी दक्षिण भारतीय राज्य में सरकार बनाने में सफल हुई थी। येदियुरप्पा ने भाजपा से निकलने के बाद अलग पार्टी बनाकर चुनाव लड़ा था। येदियुरप्पा भले ही अपनी पार्टी को जीत न दिला सके हों उन्होंने भाजपा को हराने में अहम रोल अदा किया। येदियुरप्पा ने लोक सभा चुनाव से कुछ महीने पहले जनवरी 2014 में भाजपा में घर वापसी कर ली। इसलिए पार्टी को उम्मीद है कि आगामी विधान सभा चुनाव में वो एक बार अच्छा प्रदर्शन करेगी।