बिहार में अभी लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेजप्रताप और ऐश्वर्या राय का पारिवारिक विवाद सुलझा भी नहीं था कि एक और नया मामला सामने आ गया है। इस बार ये परिवार का झगड़ा किसी राजनेता नहीं बल्कि नौकरशाह के घर पर हुआ है। बिहार के जमुई जिले के डीएम धर्मेंद्र कुमार और उनकी पत्नी वत्सला सिंह के बीच का झगड़ा अब सड़क तक आ चुका है। पत्नी वत्सला सिंह से तलाक के लिए डीएम धर्मेंद्र कुमार ने फैमिली कोर्ट में याचिका दायर की तो बुधवार (21 नवंबर) को वत्सला अपने रिश्तेदारों के साथ ही आवास के बाहर धरना देकर बैठ गईं। अंत में सुरक्षाकर्मियों के साथ बड़ी हुज्जत के बाद वह डीएम आवास में घुस गईं।
बता दें कि बुधवार (21 नवंबर, 2018) की सुबह करीब 10 बजे जमुई जिले के डीएम आवास के बाहर डीएम धर्मेंद्र कुमार की पत्नी वत्सला सिंह अपने रिश्तेदारों और परिजनों के साथ आ गईं। उन्होंने आवास के भीतर जाने के लिए कहा। लेकिन पारिवारिक विवाद को जानने वाले संतरी ने गेट खोलने से इंकार कर दिया। उसने पहले साहब से बात करने के लिए कहा। इंकार से नाराज वत्सला सिंह ने गेट पर ही धरना शुरू कर दिया। इस दौरान वत्सला और आवास के कर्मियों के बीच काफी बहस भी हुई। कर्मचारी भी असमंजस में थे कि आखिर किया क्या जाए? अंत में वत्सला सिंह जबरन घर के भीतर चली गईं। गौर करने वाली बात ये भी है कि डीएम धर्मेंद्र कुमार जिले से बाहर हैं।

डीएम धर्मेंद्र कुमार और वत्सला सिंह का विवाद नया नहीं है। साल 2013 में बिहार के मशहूर उद्योगपति अनिल सिंह की बेटी वत्सला सिंह की शादी 2013 बैच के आईएएस धर्मेंद्र कुमार से हुई थी। धर्मेंद्र कुमार नालंदा जिले के हिल्सा के रहने वाले हैं। ये शादी पटना के पाटलिपुत्रा से हुई थी। इस शादी में बिहार की लगभग सारी रसूखदार हस्तियों ने शिरकत की थी। लेकिन शादी के बाद ही दोनों के बीच तनाव शुरू हो गया। तनाव फलक पर तब आया, जब वत्सला सिंह ने मानसिक प्रताड़ना और दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पति धर्मेंद्र कुमार के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। ये मामला कांड संख्या 110/18 के नाम से 21 मार्च 2018 को पटना के पाटलिपुत्र थाने में दर्ज करवाया गया था।
इस मामले की गूंज महिला आयोग में भी गूंजी। आयोग ने 20 जुलाई 2018 को डीएम धर्मेंद्र कुमार को तलब भी किया था। वत्सला सिंह की शिकायत के बारे में आयोग की सदस्य सुषमा साहू ने मीडिया को बताया था कि डीएम की पत्नी ने इसी साल जून में राष्ट्रीय महिला आयोग में शिकायत दर्ज करवाई थी। अपने आवेदन में उन्होंने कहा था कि पति उनकी फोन कॉल को रिकॉर्ड करते थे। इसके अलावा वत्सला सिंह ने ये भी कहा कि शादी के बाद उनके पति ने उनसे हनीमून पर चलने के लिए कहा था। लेकिन उन्होंने अपने फैशन डिजाइनिंग के कोर्स की परीक्षा के कारण फिर कभी चलने की बात कही। इसी विवाद के बाद से वत्सला सिंह अपने पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित अपने मायके में ही रह रही हैं।
बता दें कि बाद में पटना के एडीजी (सीआइडी) कार्यालय में आयोग की सदस्य सुषमा साहू ने डीएम धर्मेंद्र कुमार को बुलाया था। इस दौरान उनकी पत्नी वत्सला सिंह तो मौके पर पहुंची थीं। लेकिन वह नहीं आए थे। इसी मामले की सुनवाई के दौरान ही एडीजी (सीआइडी) कार्यालय में सिटी एसपी मध्य अमरकेश डी. और महिला आयोग की सदस्य सुषमा साहू के बीच तू-तू मैं-मैं भी हो गई थी।

