राजद नेता तेजस्वी यादव अपने एक भाषण को लेकर खूब सुर्खियां बटौर रहे हैं। विधानसभा के शताब्दी समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सामने उन्होंने यह भाषण दिया, जिसमें वो 5 बार अटके और कई गलतियां भी कीं। इस भाषण ने तेजस्वी यादव के विरोधियों को उन पर हमला करने का एक और मौका दे दिया है।
मंगलवार (12 जुलाई, 2022) को विधानसभा में बमुश्किल डेढ़ मिनट के इस भाषण में तेजस्वी यादव कम से कम पांच बार अटकते दिख रहे हैं और लगभग इतनी ही गलतियां भी कर रहे हैं। उनके भाषण का यह क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर खूब मजे ले रहे हैं।
तेजस्वी के भाषण को लेकर बीजेपी की बिहार इकाई के प्रवक्ता अरविंद कुमार सिंह ने उनकी शिक्षा को लेकर तंज कसा है। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व उपमुख्यमंत्री पर बिहार का अपमान करने का आरोप भी लगाया है। सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर तेजस्वी के शिक्षकों को सलाम, जिनके पास एक पाठ पढ़ने के लिए भी पर्याप्त कौशल नहीं है। हम समझ सकते हैं कि अगर तेजस्वी सत्ता में आते हैं तो वो सरकार चलाने में कितने सक्षम होंगे।
आपको बता दें कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के नौ बच्चे हैं, जिनमें से 7 बेटियां खूब पढ़-लिखी हैं, जबकि बेटों ने कुछ खास पढ़ाई नहीं की है। लालू के बड़े बेटे 12वीं पास हैं। हालांकि उन्होंने आगे की पढ़ाई के लिए कॉलेज में एडमिशन लिया था, लेकिन फेल हो जान की वजह से उन्होंने कॉलेज पूरा नहीं किया। वहीं, तेजस्वी यादव हाईस्कूल भी नहीं हैं उन्होंने सिर्फ 9वीं क्लास तक ही पढ़ाई की है।
भाषण में क्या बोले तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने अपने भाषण में पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत जननायक कर्पुरी ठाकुर को भारत रत्न देने की मांग की। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हमारे सामने कई चुनौतियां हैं, लेकिन हम सामूहिक प्रयास से जनतंत्र को धनतंत्र और छलतंत्र से बचा सकते हैं। इस दौरान, वो कई बार अटके। भाषण के इस वीडियो को लेकर लोग तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं।
हिंदुराष्ट्र भारत नाम के यूजर ने तेजस्वी के पढ़ाई को लेकर सवाल उठाए और कहा कि आठवीं तक पढ़ा हुआ भी अच्छे से पढ़ लेता है। वहीं, प्रशांत पाटिल नाम के एक यूजर ने कहा कि एक दक्षिण भारतीय होते हुए भी मैं इससे अच्छी हिंदी पढ़ सकता हूं।