बिहार की शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर राष्ट्रीय लोक समता पार्टी द्वारा राजधानी पटना में शनिवार (2 फरवरी) को राजभवन मार्च का आयोजन किया गया था। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा अपने समर्थकों के साथ गांधी मैदान के निकट जेपी गोलंबर से राजभवन की ओर आगे बढ़े। पटना पुलिस ने डाकबंगला चौराहे के समीप कार्यकर्ताओं और नेताओं को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने कार्यकर्ताओं के ऊपर लाठीचार्ज कर दिया। वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। झड़प के दौरान कई कार्यकर्ता घायल हो गए। पार्टी अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा की तबीयत भी बिगड़ गई। उन्हें इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा गया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने मेरे ऊपर लाठी चलवाई है।
लाठीचार्ज की घटना के बाद उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, “नीतीश कुमार ने हमारे लोगों पर लाठी चलावाई है। मुझे चोट आयी है। हमारे अनेक साथियों को लाठी लगी है।” मोदी सरकार के पूर्व मंत्री कुशवाहा ने आगे कहा कि बिहार में शिक्षा व्यवस्था को लगातार चौपट किया जा रहा है। राज्य की शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के लिए सरकार को हमारी सभी मांगों को मानना होगा। बिहार की शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के लिए यह मार्च निकाला गया है। हमारी पार्टी लगातार पिछले दो सालों से इस मुद्दे पर आवाज उठाती रही है। हमारा आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
बिहार में शिक्षा सुधार का संकल्प लिया है, बिहार के नौनिहालों के भविष्य निर्माण के लिए हम शिक्षा में सुधार करेंगे…….. और करके रहेंगे । #AkroshMarch pic.twitter.com/brZQoYBMAy
— Upendra Kushwaha (@UpendraRLSP) February 2, 2019
बिहार में रालोसपा का शिक्षा सुधार जन आंदोलन के तहत पटना में जे. पी. गोलंबर से राजभवन तक आक्रोश मार्च का आयोजन किया गया था। मार्च की शुरूआत में उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, “बिहार में शिक्षा सुधार का संकल्प लिया है, बिहार के नौनिहालों के भविष्य निर्माण के लिए हम शिक्षा में सुधार करेंगे और करके रहेंगे।” मार्च जब डाकबंगला चौराहा पहुंची तो यहां पुलिस ने उपेंद्र कुशवाहा और उनके समर्थकों को रोकने का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि उपेंद्र कुशवाहा के समर्थक आगे जाने की जिद पर अड़ गए और उनकी पुलिस के साथ झड़प हो गई। पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने के बाद कार्यकर्ताओं की ओर से भी लाठियां भांजी गई। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। लाठीचार्ज के बाद कुशवाहा डाकबंगला चौराहे पर ही बैठ गए। यहां उनकी तबीयत बिगड़ गई और आनन-फानन में एंबुलेंस बुला पीएमसीएच भेजा गया।
