बिहार चुनाव के नतीजे आने शुरू हो गए हैं। महागठबंधन को मिली शुरुआती बढ़त के बाद सुबह करीब 10 बजे एनडीए को मिली बढ़त अभी तक जारी है। जदयू के मुकाबले भाजपा इस चुनाव में बड़ी पार्टी के तौर पर उभरती दिख रही है। ऐसे में राजनीतिक हलकानों में सीएम पद को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कई राजनीतिक विश्लेषकों ने आशंका जताई है कि बिहार में भी कहीं महाराष्ट्र जैसा हाल न हो जाए। हालांकि, इस बीच खबर है कि गृह मंत्री अमित शाह ने शाम को सीएम नीतीश कुमार से बात की।
अभी यह साफ नहीं है कि शाह और नीतीश के बीच क्या बात हुई। पर सूत्रों का कहना है कि दोनों ने चुनाव के नतीजों पर चर्चा की। दूसरी तरफ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष संजय जयसवाल ने साफ कर दिया कि अगर एनडीए गठबंधन चुनाव में जीत हासिल करता है तो इसमें कोई शक ही नहीं कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार होंगे। जयसवाल ने कहा कि इस मुद्दे को पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के मुखिया जेपी नड्डा स्पष्ट कर चुके हैं।
जयसवाल यहीं नहीं रुके। उन्होंने महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद के दावेदार तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा। जयसवाल ने कहा, “लोग सच्चाई और झूठ में अंतर करने लायक समझदार हैं।” इससे पहले जदयू नेताओं ने भी भरोसा जताते हुए कहा था कि अगर राज्य में एनडीए की सरकार बनती है, तो भाजपा नीतीश कुमार को ही मुख्यमंत्री के तौर पर स्वीकार करेगी।
अब तक आए रुझानों और नतीजों के मुताबिक, एनडीए और महागठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला जारी है। जहां एनडीए लगातार 122-125 सीटों के बीच लाता दिख रहा है, वहीं महागठबंधन भी 100-110 सीटों के आंकड़े पर पहुंच रहा है। इस बीच भाजपा और राजद में बिहार की सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरने की भी होड़ मची है। दोनों ही पार्टियां करीब 70-70 सीटों पर बढ़त बनाती दिख रही हैं।