बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव और राबड़ी देवी ने अपने बड़े बेटे और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव के लिए बहू पसंद कर ली है। इसी महीने दोनों की सगाई होने वाली है और अगले महीने शादी। लालू परिवार अपने घर के लिए पहली बहू बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री के खानदान से ला रहे हैं। उनकी होने वाली बहू ऐश्वर्या राय भूतपूर्व मुख्यमंत्री दारोगा प्रसाद राय की पोती और पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद राय की बेटी हैं। लालू पहली बार किसी राजनीतिक खानदान से रिश्ता नहीं जोड़ रहे हैं। इनसे पहले सात बेटियों में से चार की शादी उन्होंने राजनीतिक रसूख वाले परिवारों में ही की है। दो दामाद आईटी इंजीनियर तो एक पायलट हैं। एक दामाद सांसद हैं। राजनीतिक परिवारों के अलावा ब्यूरोक्रेट्स और साधारण परिवारों से भी लालू ने रिश्ते जोड़े हैं।

बड़ी बेटी डॉक्टर मीसा भारती की शादी साल 1999 में 1 अण्णे मार्ग से हुई थी, जब राबड़ी देवी मुख्यमंत्री थीं। लालू-राबड़ी के बड़े दामाद का नाम शैलेश है। वो कम्प्यूटर इंजीनियर हैं। उनके पिता उस वक्त एक सरकारी बैंक में कार्यरत थे। शैलेश दानापुर के बगल में सरारी के मूलवासी हैं। फिलहाल, प्रवर्तन निदेशालय और इनकम टैक्स के घेरे में हैं। लालू-राबड़ी ने दूसरी बेटी रोहिनी आचार्य की शादी साल 2002 में 1 अण्णे मार्ग से ही की थी। उस वक्त भी राबड़ी देवी सीएम थीं। रोहिणी उस वक्त मेडिकल स्टूडेन्ट थीं। जबकि उनके पति समरेश आईटी प्रोफेशनल थे। समरेश यूएस में कार्यरत थे। उनके पिता राव रणविजय सिंह 1970 बैच के आईआरएस अधिकारी थे और उस वक्त मुंबई में आयकर विभाग में बड़े पद पर तैनात थे। लालू और रणविजय सिंह कॉलेज के दिनों में साथी थे।

लालू यादव ने अपनी तीसरी बेटी चंदा की शादी साल 2006 में नई दिल्ली से की थी, जब वो रेल मंत्री थे। लालू-राबड़ी के तीसरे दामाद विक्रम सिंह उस वक्त इंडियन एयरलाइन्स में पायलट थे। उनके पिता कैप्टन बी एन यादव उस वक्त आईआईटी दिल्ली के सिक्योरिटी अफसर थे। इनका परिवार दक्षिणी-पश्चिमी दिल्ली के कापसहेड़ा का रहने वाला है। लालू दंपत्ति की चौथी बेटी रागिनी की शादी स्विटजरलैंड से होटल मैनेजमेंट कर चुके राहुल सिंह से हुई थी। राहुल के पिता जीतेन्द्र यादव उस वक्त सपा के विधायक थे, जो बाद में कांग्रेस में चले गए थे। राहुल का परिवार दिल्ली से सटे गाजियाबाद में रहता है। राहुल ने 2017 में सपा के टिकट पर बुलंदशहर के सिकंदराबाद से चुनाव लड़ा था लेकिन हार गए।

ग्रेजुएशन फेल तेज प्रताप यादव की एमबीए पास दुल्हनियां, देखें एश्वर्या राय की तस्वीरें

बता दें कि तेज प्रताप यादव राजद विधायक हैं और पूर्व में स्वास्थ्य मंत्री भी रह चुके हैं। हालांकि वह ग्रेजुएशन फेल हैं।

लालू-राबड़ी की पांचवी बेटी हेमा यादव की शादी भी राजनीतिक परिवार में हुई। उनके पति विनीत यादव हरियाणा और दिल्ली के रसूखदार बिजनेस फैमिली से ताल्लुक रखते हैं। छठी बेटी अनुष्का की शादी भी हरियाणा के राजनीतिक परिवार में हुई। उनके पति चिरंजीव राव एनएसयूआई के अध्यक्ष रह चुके हैं। चिरंजीव के पिता कैप्टन अजय सिंह उस वक्त यानी साल 2013 में हरियाणा सरकार में ऊर्जा मंत्री थे। इनका परिवार रेवाड़ी से ताल्लुक रखता है। लालू परिवार की सबसे छोटी और सातवीं बेटी राजलक्ष्मी की शादी उत्तर प्रदेश के सबसे रसूखदार यादव राजनीतिक परिवार में हुई है। राजलक्ष्मी के पति तेज प्रताप सिंह मौजूदा समय में मैनपुरी से सांसद हैं। वो यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के पोते और अखिलेश यादव के भतीजे हैं। इनकी शादी 2015 में हुई थी। तब पीएम नरेंद्र मोदी से लेकर तमाम राजनीतिक दिग्गज शामिल हुए थे।