भाजपा सांसद मनोज तिवारी के बाद अब भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव भी राजनीति में अपनी किस्मत आजमाएंगे। उन्होंने बिहार के महाराजगंज संसदीय सीट से आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से टिकट को लेकर बात चल रही है। यदि किसी कारणवश पार्टी से टिकट नहीं मिलता है तो वे निर्दलीय भी मैदान में उतरेंगे।

दरअसल, खेसारी लाल यादव ने यह घोषणा अपनी नई फिल्म राजा जानी के प्रमोशन के दौरान पटना से सिवान और गोपालगंज जाने के दौरान छपरा के तरैया विधानसभा क्षेत्र स्थित एक लाइन होटल पर पत्रकारों से बात करते हुए की। इस दौरान उनके साथ फिल्म के निर्देशक लालबाबू पंडित और अभिनेता देव सिंह भी मौजूद थे। इस दौरान करीब 40 गाडि़यों के काफिले के साथ खेसारी लाल यादव जा रहे थे। करीब एक दर्जन हथियारबंद लोग साथ में मौजूद थे। शायद ही कभी ऐसा होता है कि इतने बड़े काफिले के साथ भोजपुरी अभिनेता अपने फिल्म के प्रमोशन के लिए जाते हैं। गाडि़यों के काफिले पर खेसारी लाल ने कहा कि यह उनके फिल्म प्रमोशन का अपना तरीका है। उन्होंने कहा कि एक ओर जहां फिल्म के गाने पहले ही हिट हो चुके हैं। फिल्म को भी दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं।

खेसारी लाल यादव के साथ ही भोजपुरी सिनेमा की मशहूर अदाकारा आम्रपाली दुबे, गायिका कल्पना पटवारी, अभिनेता दिनेश लाल यादव निरहुआ, रविकिशन व पवन सिंह के भी चुनाव लड़ने की चर्चा है। रविकिशन काफी पहले ही भाजपा में शामिल हो चुके हैं। वहीं कल्पना ने भी कुछ ही समय पहले भाजपा की सदस्यता ली है। निरहुआ भी समाजवादी पार्टी में शामिल हो चुके हैं। पवन सिंह के बारे में यह चर्चा है कि वे भी भाजपा के टिकट पर आरा से चुनाव लड़ सकते हैं, हालांकि, इसकी अभी किसी ने पुष्टि नहीं की है। यदि ऐसा होता है तो आगामी लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश और बिहार में भोजपुरी स्टारों की धमक देखने को मिलेगी। बता दें कि गायक से अभिनेता बने मनोज तिवारी भाजपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ सदन पहुंच चुके हैं।