बिहार पुलिस की सिपाही भर्ती की परीक्षा एक अक्टूबर को हुई थी। वहीं अब इसे रद्द कर दिया गया है। परीक्षा में गड़बड़ी की शिकायत के बाद यह फैसला लिया गया है। केंद्रीय चयन पर्षद ने लेटर जारी कर दी यह जानकारी दी है। दोनों पालियों की परीक्षा रद्द कर दी है। साथ ही 7 और 15 अक्टूबर को होने वाली परीक्षा भी अगले आदेश तक स्थगित रहेगी।

परीक्षा रद्द करने वाले आदेश में कहा गया कि प्रश्नपत्रों के उत्तर सादे पन्नों पर लिखकर नकल की जा रही थी। वहीं परीक्षा के दौरान इसके चिट पुर्जे भी प्राप्त किए गए हैं। केंद्रीय चयन पर्षद का कहना है कि नकल के लिए इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का भी इस्तेमाल किया गया। कुल 21391 पदों के लिए ये परीक्षा ली जा रही थी। इस परीक्षा के जरिये बिहार पुलिस में खाली पड़े पदों को भरा जाना था। लेकिन अभी परीक्षा रद्द कर दी गई है और छात्रों को नई डेट दी जाएगी।

बड़ी संख्या में अभियार्थियों को इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के माध्यम से नकल करने के दौरान गिरफ्तार किया गया। आदेश में कहा गया कि परीक्षा के संदर्भ में ऐसी कई जानकारियां मिली, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि भर्ती परीक्षा की प्रक्रिया दूषित हुई है। उन बातों को ध्यान में रखते हुए एक अक्टूबर की दोनों पालियों में हुई परीक्षा को रद्द करने का निर्णय लिया गया है।

परीक्षा रद्द होने से हजारों अभ्यर्थियों में निराशा है। वहीं अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने कड़ी मेहनत की थी और परीक्षा में सफल होने की पूरी उम्मीद थी। अब परीक्षा रद्द होने से उन्हें दोबारा से तैयारी करनी होगी, जिससे उन्हें काफी नुकसान होगा। जल्द ही परीक्षा की नई डेट की घोषणा की जायेगी।

यह भर्ती परीक्षा पुलिस कांस्टेबल के विभिन्न पदों पर 21,391 रिक्तियों की भर्ती के लिए आयोजित की जा रही थी। पुलिस कांस्टेबल के चयन के लिए, बोर्ड ने भर्ती परीक्षा के आयोजन के लिए बिहार के 37 जिलों में 529 परीक्षा केंद्र स्थापित किए। कई केन्द्रों से गड़बड़ी सामने आई और फिर इसके बाद प्रशासन ने फैसला लिया।