बिहार में बाढ़  के चलते हालात खराब हैं, कई गांव  उफनी नदियों के पानी के चलते जलमग्न हो गए हैं। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में गंडक नदी का बांध टूटने के चलते एक बुजुर्ग शख्स पानी में बह गया जिसके बाद जायजा ले रहे डीएम ने बुजुर्ग शख्स की जान बचाई।

दरअसल, बाढ़ में डूबे गांव का निरीक्षण करने के लिए डीएम कपिल शिर्सत अशोक निरीक्षण पर निकले थे। इस दौरान एक बुजुर्ग शख्स बाढ़ के पानी में एक पेड़ के पास फंसा हुआ था। उसने डीएम को मदद के लिए अवाजा लगाई तो उन्होंने नाव से हाथ बढ़ाकर उस शख्स की जान बचा ली।  घटना शुक्रवार की है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है ।

दरअसल,  जिले के संग्रामपुर प्रखंड के भवानीपुर में गंडक नदी का बांध टूट गया था। इसके बाद जिले के डीएम शीर्सत कपिल अशोक और एसपी नवीनचंद्र झा मौके पर निरीक्षण करने पहुंचे थे। एनडीआरएफ की नाव पर सवार होकर डीएम और एसपी निरीक्षण कर रहे थे। इस दौरान अचानक पेड़ों के बीच से मदद के लिए आवाज आई। पास जाकर देखा तो एक बुजुर्ग शख्स पेड़ के सहारे पानी में फंसा हुआ था। इसके बाद इन लोगों ने उसके पास जाकर उसे वहां से निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

बता दें कि बिहार में सभी नदियां उफान पर हैं और 10 जिलों के 74 प्रखंडों के 529 पंचायत के नौ लाख से ज्यादा की आबादी बाढ़ से प्रभावित हैं। सरकार राहत और बचाव कार्य चला रही है। लोग भूखे प्यास टेंट में शरण लेने को मजबूर हैं। बिहार में कोरोना के साथ-साथ बाढ़ ने भी लोगों को त्रस्त कर रखा है।