बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए दूसरे और अंतिम चरण में हुई वोटिंग के बाद कई सारे एग्जिट पोल जारी हो गए हैं। Matrize, Peoples Pulse सहित तमाम एजेंसियों ने बिहार चुनाव के लिए एग्जिट पोल किए हैं।इन एग्जिट पोल्स में सरकार बनाने का दावा कर रहे विपक्षी महागठबंधन को निराशा का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, ज़्यादातर एजेंसियां एनडीए को पूर्ण बहुमत मिलने का दावा कर रही हैं। एग्जिट पोल से यह भी सामने आया है कि बिहार के विधानसभा चुनाव में पहली बार उतरी जन सुराज पार्टी के अलावा असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम सहित तमाम अन्य छोटे दलों को कितनी सीटों पर जीत मिलेगी?
बिहार में विधानसभा की 243 सीटें हैं और इसके लिए 6 और 11 नवंबर को वोटिंग हुई थी। चुनाव नतीजे तो 14 नवंबर को आएंगे लेकिन उससे पहले आ रहे एग्जिट पोल इस बात का संकेत देते हैं कि बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बन सकती है। वहीं, एक्सिस माई इंडिया का एग्जिट पोल आज शाम आएगा। ऐसे में बिहार चुनाव और एग्जिट पोल से जुड़ी तमाम जानकारियों के लिए पढ़ें jansatta.com (एग्जिट पोल और ओपिनियन पोल में क्या होता है अंतर? जानें कैसे किया जाता है सर्वे)
किस एग्जिट पोल ने क्या कहा?
| क्रम संख्या | बिहार एग्जिट पोल 2025 | एनडीए | महागठबंधन | जन सुराज | अन्य |
| 1 | Matrize | 147-167 | 70 – 90 | 00-02 | 02-08 |
| 2 | People’s Pulse | 133-159 | 75-101 | 00-05 | 02-08 |
| 3 | Dainik Bhaskar | 145-160 | 73-91 | 00-03 | 05-07 |
| 4 | Peoples Insight | 133-148 | 87-102 | 00-02 | 03-06 |
| 5 | JVC | 135-150 | 88-103 | 00-01 | 03-06 |
| 6 | P-Marq | 142-162 | 80-98 | 1-4 | 00-03 |
| 7 | Chanakya Strategies | 130-138 | 100-108 | 00-00 | 03-05 |
एनडीए गठबंधन में बीजेपी, जेडीयू, लोजपा (रामविलास), हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल हैं। दूसरी ओर महागठबंधन में आरजेडी, कांग्रेस, विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) और वामपंथी दल हैं। (बिहार के पिछले चुनाव में एग्जिट पोल्स ने क्या बताया था, असल नतीजे कितने अलग?)
Bihar Exit Polls LIVE: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के परिणाम
पत्रकारों ने जब नीतीश कुमार से एग्जिट पोल के रुझानों को लेकर सवाल पूछा, तो उन्होंने मुस्कराते हुए सबको प्रणाम किया और बिना कोई जवाब दिए आगे बढ़ गए। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के परिणाम 14 नवंबर को आएंगे।
Bihar Exit Polls LIVE: नीतीश कुमार ने धार्मिक स्थलों पर दर्शन किए
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान समाप्त होने के एक दिन बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को पटना में विभिन्न धार्मिक स्थलों पर दर्शन किए। उन्होंने दरगाह, मंदिर और गुरुद्वारे में मत्था टेका तथा राज्य में शांति एवं सद्भाव की कामना की।
Bihar Chunav LIVE: वे वोटों की गिनती को धीमा करने के सभी प्रयास करेंगे - तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने कहा - इस बार वे वोटों की गिनती को धीमा करने के सभी प्रयास करेंगे। वे जिला मुख्यालयों में भय पैदा करेंगे। वे वहां कुछ नहीं करेंगे जहां बम विस्फोट होता है। 2020 के चुनावों में भी लोगों ने बदलाव के लिए वोट दिया था। लेकिन बेईमानी हुई... इस बार, हमारे लोग डरेंगे नहीं। वे वोट चोरी रोकेंगे, लोकतंत्र की रक्षा करेंगे और जो भी बलिदान देने की जरूरत होगी, करेंगे। लेकिन इस बार बेईमानी नहीं होने दी जाएगी।
अमित शाह चैनलों के लिए जो लिखते हैं, वही मीडिया चलाता है- तेजस्वी यादव
Bihar Election 2025 एग्जिट पोल पर राजद नेता और महागठबंधन के सीएम उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने कहा, "पीएमओ जो तय करता है, अमित शाह चैनलों के लिए जो लिखते हैं, वही मीडिया चलाता है। 2020 के चुनावों की तुलना में इस बार 72 लाख ज़्यादा लोगों ने वोट दिया है। ये वोट नीतीश कुमार को बचाने के लिए नहीं, बल्कि सरकार बदलने के लिए थे। ये बदलाव के लिए वोट है, सरकार बदलने जा रही है..."
Bihar Exit Polls LIVE: 20 साल बाद भी मौजूदा सरकार के पक्ष में माहौल- गिरिराज सिंह
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, "गुजरात के अलावा, बिहार एक ऐसा राज्य है जहाँ 20 साल बाद भी मौजूदा सरकार के पक्ष में माहौल है। मुझे लगता है कि स्ट्राइक रेट 2010 से ज़्यादा होगा क्योंकि महिलाएँ सरकार को लेकर काफ़ी उत्साहित थीं, जो आने वाले दिनों में देखने को मिलेगा।"
राहुल गांधी किसी भी क्षेत्रीय पार्टी को बर्दाश्त नहीं कर सकते- बिहार बीजेपी अध्यक्ष
Bihar Election 2025 एग्जिट पोल पर बिहार बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, "पीएम मोदी और बिहार के सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने खूब तरक्की की है...जनता ने पीएम मोदी की गारंटी और बिहार के सीएम नीतीश कुमार के विकास मॉडल के पक्ष में वोट दिया है. जनता को भरोसा है कि बिहार का भविष्य पीएम मोदी और बिहार के सीएम नीतीश कुमार के हाथों में सुरक्षित है...महागठबंधन में आरजेडी और कांग्रेस के रिश्ते जगजाहिर हैं. राहुल गांधी किसी भी क्षेत्रीय पार्टी को बर्दाश्त नहीं कर सकते...जनता फिर से एनडीए सरकार बना रही है."
Bihar Exit Polls LIVE: परिणाम की तैयारियों में जुटी पार्टियां
14 नवंबर को होने वाली मतगणना से पहले, पटना में भाजपा कार्यकर्ता मिलकर लड्डू तैयार कर रहे हैं। उनका कहना है कि वे 501 किलो लड्डू तैयार कर रहे हैं।
Bihar Exit Polls LIVE: कोई भी एग्जिट पोल को सटीक नहीं कह सकता- जेडीयू नेता
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के एग्जिट पोल पर जेडीयू नेता नीरज कुमार ने कहा, "कोई भी एग्जिट पोल को सटीक पोल नहीं कह सकता लेकिन मतदाताओं का रुझान साफ़ इशारा कर रहा है कि बिहार में एक बार फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनेगी। महिलाओं का वोट प्रतिशत सबसे ज़्यादा रहा और महिलाओं ने सबसे ज़्यादा नीतीश कुमार को अपना आशीर्वाद दिया। विपक्ष राजनीतिक रूप से अक्षम हो जाएगा। तेजस्वी यादव के नेतृत्व में लगातार हार मिली है। यही स्थिति 2019 के लोकसभा चुनाव, 2020 के विधानसभा चुनाव और 2024 के चुनाव में भी रही। नीतीश कुमार का काम बोलता है, लेकिन जिन लोगों पर चार राज्यों में मुक़दमे दर्ज हैं, वो आरोप लगा रहे हैं।"
नीतीश कुमार सीएम नहीं बनेंगे- इमरान मसूद
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद कहते हैं, "महागठबंधन की सरकार पूर्ण बहुमत से बनने जा रही है और जो एग्जिट पोल आ रहे हैं, वे भी मोटे तौर पर इसी ओर इशारा कर रहे हैं। नीतीश कुमार सीएम नहीं बनेंगे। उनका बस इस्तेमाल किया जा रहा है।"
Bihar Exit Polls LIVE: प्रशांत किशोर का खाता भी खुल जाए तो मुझे हैरानी होगी- भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के एग्जिट पोल पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने कहा, "एनडीए दो-तिहाई बहुमत से सत्ता में आएगा। यह ऐतिहासिक जीत 20 साल के सुशासन, नीतीश कुमार के नेतृत्व, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं के परिश्रम और साहस की बदौलत होगी। विकसित बिहार, प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के विजन की नींव होगा... जंगल राज आज भी हमें डराता है; नीतीश कुमार के शासन के कारण हम निश्चिंत हैं। अगर नतीजों में उनका (प्रशांत किशोर) खाता भी खुल जाए तो मुझे हैरानी होगी। सत्ता समर्थक रुझान है।"
