NDA Seat Sharing: बिहार में एनडीए ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए सीटों के बंटवारे के फॉर्मूले पेश किया है। इसके तहत, भारतीय जनता पार्टी और जेडीयू 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 29 सीटों पर, जबकि हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा छह-छह सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। सीट बंटवारे के बाद राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने अपने कार्यकर्ताओं के नाम एक संदेश जारी किया है।
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेता उपेंद्र कुशवाहा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, प्रिय मित्रों-साथियों, आप सभी से क्षमा चाहता हूं। आपके मन के अनुकूल सीटों की संख्या नहीं हो पाई। मैं समझ रहा हूं, इस निर्णय से अपनी पार्टी के उम्मीदवार होने की इच्छा रखने वाले साथियों सहित हजारों – लाखों लोगों का मन दुखी होगा। आज कई घरों में खाना नहीं बना होगा। परंतु आप सभी मेरी एवं पार्टी की विवशता और सीमा को बखूबी समझ रहे होंगे।”
आप गुस्से को शांत होने दीजिए- उपेंद्र कुशवाहा
उपेंद्र कुशवाहा ने आगे पोस्ट कर लिखा, “किसी भी निर्णय के पीछे कुछ परिस्थितियां ऐसी होती हैं जो बाहर से दिखतीं हैं मगर कुछ ऐसी भी होती हैं जो बाहर से नहीं दिखतीं। हम जानते हैं कि अन्दर की परिस्थितियों से अनभिज्ञता के कारण आपके मन में मेरे प्रति गुस्सा भी होगा, जो स्वाभाविक भी है। आपसे विनम्र आग्रह है कि आप गुस्सा को शांत होने दीजिए, फिर आप स्वयं महसूस करेंगे कि फैसला कितना उचित है या अनुचित। फिर कुछ आने वाला समय बताएगा। फिलहाल इतना ही।”
बिहार तैयार है- उपेंद्र कुशवाहा
वहीं इससे पहले की गई एक पोस्ट में उपेंद्र कुशवाहा ने कहा था, “हम एनडीए के सहयोगियों ने आपस में बैठकर सौहार्दपूर्ण वातावरण में सीटों का बंटवारा पूरा कर लिया है। एनडीए के सभी दलों के कार्यकर्ता और नेता इस सर्वसम्मत निर्णय का सहर्ष स्वागत करते हैं। बिहार तैयार है। एक बार फिर एनडीए सरकार।” बता दें कि बिहार में दो चरणों में चुनाव होंगे। पहले चरण का चुनाव 6 नवंबर जबकि दूसरे चरण का चुनाव 11 नवंबर को होगा। वहीं 14 नवंबर को नतीजे आएंगे। पहले चरण में 121 सीटों पर जबकि दूसरे चरण में 122 सीटों पर मतदान होगा।
ये भी पढे़ं: बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में इन 52 सीटों पर रहा था बेहद नजदीकी मुकाबला…