Bihar Election First Phase 2025: बिहार चुनाव 2025 में पहले चरण का मतदान जारी है। पहले चरण में बिहार के 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग हो रही है। हालांकि इसी बीच कई जगहों से मारपीट और बवाल की खबरें सामने आई हैं। इतना ही नहीं पुलिस ने एक स्थान पर बीजेपी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। एक अन्य जगह पर बीजेपी कार्यकर्ताओं पर हमले की भी खबर सामने आई है।
पहले चरण के मतदान के बीच मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना के बरियारपुर मठिया गांव में बीजेपी कार्यकर्ताओं पर हमले की खबर सामने आई है। बीजेपी समर्थक बाबूलाल मंडल धानुक पर पर्ची बांटने का आरोप लगाते हुए स्थानीयों ने लाठी-डंडे पर प्रहार कर दिया। इस हमले में बाबूलाल का सिर फट गया है। जिसके बाद उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। लोगों ने उनको नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है। बाबूलाल ने बताया कि बीच-बचाव करने आईं उनकी पत्नी और उनकी बेटी के साथ भी लोगों ने मारपीट की। हालांकि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही हमलावर फरार हो गए।
बीजेपी कार्यकर्ता पुलिस हिरासत में
वहीं नालंदा जिले की बिहारशरीफ इलाके में बीजेपी कार्यकर्ताओं पर पर्ची बांटने का आरोप लगा है। वार्ड संख्या 16 में बूथ नंबर 226 से 232 के पास का ये मामला है। इस मामले को लेकर पुलिस ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद बीजेपी ने प्रशासन के रवैये पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि यह कार्रवाई राजनीतिक रूप से की जा रही है।
बीजेपी उम्मीदवार डॉ. सुनील कुमार ने पुलिस पर आरोप लगाया कि गिरफ्तारी करने वाला अधिकारी आरजेडी समर्थक है और उसने जानबूझकर हमारे कार्यकर्ताओं को परेशान किया है। हालांकि अब मौके पर अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती के बाद स्थिति सामान्य है।
उपमुख्यमंत्री पर हुआ पत्थराव
वहीं उपमुख्यमंत्री और लखीसराय विधानसभा से बीजेपी उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा पर गोबर फेंकने और उनके काफिले पर पत्थर बाजी करने का मामला सामने आया है। जिसक लेकर विजय सिन्हा ने कहा है, “ये राजद के गुंडे हैं। सत्ता में एनडीए आ रही है, इसलिए इनके छाती पर बुलडोजर चलेगा। गुंडे मुझे गांव में जाने नहीं दे रहे हैं। विजय सिन्हा जीतने वाले हैं। उन्होंने मेरे पोलिंग एजेंट को भगा दिया और उसे वोट नहीं देने दिया। उनकी गुंडागर्दी देखिए। यह खोरियारी गांव के 404 और 405 बूथ नंबर हैं।”
प्रतिष्ठा की लड़ाई में बने कई रोचक समीकरण, पहले चरण में 16 दिग्गजों की किस्मत दांव पर
