Darbhanga News: बिहार के दरभंगा में विवाह पंचमी के मौके पर शुक्रवार को दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई। इसके बाद दोनों तरफ से ईंट-पत्थर फेंके गए और लाठी-डंडे भी चले। मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के गनीपुर तरौनी गांव का है। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया और दरभंगा के एसपी और SDM भी मौके पर पहुंच गए। पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, झांकी बाजितपुर के एक मस्जिद के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान दूसरे समुदाय के लोगों ने पहले तो बारात को रोका और फिर लाठी-डंडों से मारपीट भी करने लगे। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और दोनों तरफ से पत्थरबाजी होने लगी। लोगों का कहना है कि ऐसा 30 साल में पहली बार हुआ है जब राम विवाह झांकी पर पथराव हुआ है। जैसे ही मामले की जानकारी पुलिस अधिकारियों को मिली तो वह तुरंत मौके पर जा पहुंचे। फिर हालात पर काबू पाया। इस पत्थरबाजी में 3 लोग घायल हो गए हैं।

संभल मामले में चौंकाने वाला खुलासा, मौके से बरामद हुए पाकिस्तानी कारतूस

पुलिस ने मामले पर क्या बताया

दरभंगा में विवाह पंचमी पर हुए बवाल पर सदर एसडीओ विकास कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस झांकी को लेकर कोई भी लाइसेंस नहीं लिया गया था। ना ही रूट के बारे में किसी पुलिस स्टेशन को जानकारी दी गई। हालांकि, मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने हालात पर काबू पा लिया है और दोषियों की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। फुटेज आने के बाद मामले की सही जानकारी मिल पाएगी।

पत्थरबाजी से सहमे लोग

विवाह पंचमी की शोभायात्रा के पास में ही भोज भी चल रहा था, लेकिन पत्थरबाजी से लोग इतना सहम गए कि वह तुरंत डरकर अपने घर पर चले गए। नगर एसपी अशोक प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस जवानों का जत्था जब मौके पर पहुंचा तब जाकर कहीं हालात काबू में आ पाए। इसी बाद ही जाकर हालात सामान्य हो पाए। वहीं, अब शांति समिति के सदस्य दोनों पक्षों से बातचीत कर रहे हैं। ताकि पूरे इलाके में शांति हो सके।