बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो चुकी है। तमाम पार्टियां प्रचार में लगी हुई हैं। कई सीटों पर तगड़ी चुनौती देखने को मिल रही है। ऐसी ही बिहार की एक सीट है भोरे। पिछले विधानसभा चुनाव में भोरे सीट से जदयू के सुनील कुमार ने मात्र 462 वोटों से जीत दर्ज की थी। उस चुनाव में उन्हें 74,067 वोट मिले थे। दूसरे नंबर पर कांग्रेस के जितेंद्र पासवान रहे थे, जिन्हें 73,605 वोटों से संतोष करना पड़ा था।

भोरे विधानसभा सीट की बात करें तो यह गोपालगंज लोकसभा क्षेत्र के तहत आती है। 1957 में इस सीट पर सबसे पहले चुनाव हुए थे। तब प्रजा सोशलिस्ट पार्टी के प्रत्याशी रामबली पांडे ने बड़ी जीत दर्ज की थी। इसके बाद 1962, 1967, 1969 और 1972 में कांग्रेस के प्रत्याशी राज मंगल मिश्रा ने लगातार चार बार बाजी मारी। वहीं, 1977 के चुनाव में जनता पार्टी के प्रत्याशी जमुना राम ने सभी को चौंकाते हुए इस सीट पर जीत हासिल की। इसके बाद 1980 में यह सीट एक बार फिर कांग्रेस प्रत्याशी अलगू राम के पास चली गई।

वर्षविजेता उम्मीदवार (पार्टी)प्राप्त वोटउपविजेता उम्मीदवार (पार्टी)प्राप्त वोटजीत का अंतर
2020सुनील कुमार (जदयू)74,067जितेंद्र पासवान (भाकपा माले)73,605462 वोटों से
2015अनिल कुमार (कांग्रेस)74,365इंद्रदेव मांझी (भाजपा)59,49414,871 वोटों से
2010इंद्रदेव मांझी (भाजपा)61,401बच्चन दास (राजद)17,83143,570 वोटों से

भोरे सीट पर अब तक 16 बार विधानसभा चुनाव हो चुके हैं। यहां कांग्रेस आठ बार जीती है। जनता दल, भाजपा और राष्ट्रीय जनता दल दो-दो बार जीत हासिल कर चुके हैं। वहीं, जनता पार्टी और जनता दल (यूनाइटेड) को एक-एक बार सफलता मिली है।

भोरे सीट के जातीय समीकरण की बात करें तो यहां रविदास और कोइरी जाति की संख्या 30% से ज्यादा बताई जाती है। मुस्लिम और यादव वोटरों की स्थिति भी काफी मजबूत है। पिछली बार इस सीट पर मुकाबला काफी कड़ा देखने को मिला था और एक बार फिर वैसी ही चुनौती देखने को मिल सकती है।