बिहार में पकड़ौआ विवाह काफी कुख्यात है जो कि आए दिन कई बड़े आपराधिक घटनाक्रमों की वजह बनता रहा है। कुछ ऐसा ही एक बार फिर हुआ है। बेगूसराय जिले में एक 25 साल की महिला के साथ उसके भाई और पिता की दर्दनाक तरीके से हत्या कर दी गई है। इस ट्रिपल मर्डर की वारदात को अंजाम देने वाला कोई और नहीं बल्कि महिला का ससुर है जिसने पूरे इलाके में खौफ फैला दिया है। वहीं गांव के मुखिया ने इसे पकड़ौआ विवाह से जुड़ा विवाद बताया है क्योंकि ससुराल वाले महिला को अपने घर में लाने को तैयार ही नहीं थे और अंत में यह विवाह ट्रिपल मर्डर की वजह बन गया।

जानकारी के मुताबिक यह केस बेगूसराय के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के विष्णुपुर आहुक गांव का है। मृतक महिला का नाम नीलू कुमारी, पिता उमेश यादव और भाई राजेश यादव थे। तीनों को महिला के ससुराल में उसके ससुर ने मौत के घाट उतार दिया है, ये लोग मूल रूप से बेगूसराय के ही रहने वाले थे। स्थानीय पुलिस स्टेशन के एसएचओ दीपक कुमार ने भी बयान जारी किया और बताया कि घटना शनिवार शान की है जब उमेश यादव अपने बेटे राजेश के सात नीलू के ससुराल गए थे। चश्मदीद ग्रामीणों का कहना है कि इस दौरान ससुराल वालों ने उनके सात हाथापाई की थी।

चश्मदीदों के मुताबिक पकड़ौआ शादी को लेकर मचे बवाल के बीच महिला के ससुराल वालों के साथ उसकी और उसके पिता समेत भाई की काफी हाथापाई हुई थी। इस दौरान अचानक महिला के ससुर ने अपनी बंदूक निकाली और नजदीक से ही गोली मार जिसके चलते तीनों की ही मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद वह आरोपी मौके से फारर हो गया था। घटना का पता चलने पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच और कार्रवाई शुरू कर दी। अभी भी आरोपी फरार है और उसे पकड़ने के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है।

पकड़ौआ विवाह बना ट्रिपल मर्डर की वजह

दूसरी ओर गांव के मुखिया सुबोध कुमार का भी इस मुद्दे पर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह ट्रिपल मर्डर केस पकड़ौआ शादी का मामला है जिसमें लड़कों को किडनैप कर लिया जाता है और उनकी इच्छा के खिलाफ जाकर जबरन ही शादी कराई जाती है। इसके चलते ही मृतक महिला नीलू कुमारी के ससुराल वाले उसे अपने घर में लाने को तैयार नहीं थे और यह विवाद ही तीन हत्याओं की वजह बन गया। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है वहीं इस घटना ने एक बार फिर पकड़ौआ विवाह की आलोचना शुरू हो गई है।