बिहार के पूर्व सीएम और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) प्रमुख जीतन राम मांझी भी एनडीए के पक्ष में चुनाव प्रचार करने में जुटे हैं। उन्होंने सोमवार (19 अक्टूबर, 2020) को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी में गया जिले की टेकारी विधानसभा में जनता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने एनडीए गठबंधन से अलग चुनाव लड़ रहे एलजेपी प्रमुख चिराग पासवान पर खूब निशाना साधा।
मांझी ने जनता से कहा कि जब एलजेपी प्रत्याशी वोट मांगने आए तो उनसे हिसाब मांगना। पूछना कि पिछले कई सालों में बिहारियों के लिए चिराग पासवान ने क्या किया है। एलजेपी के घोषणापत्रों में कौन कौन से वाद पूरे किए हैं। रैली में मांझी ने कहा कि वो नीतीश कुमार को दोबारा सीएम बनते देखना चाहते हैं।
मांझी पहले भी चिराग पर निशाना साधते रहे हैं। हाल में उन्होंने चिराग पर दोगली राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एलजेपी को पहले नीतीश कुमार अच्छे लगते थे, मगर आज उनमें कमियां गिनाई जा रही हैं। उन्हें वोट देने को बर्बादी बताया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें चिराग का कोई निजी स्वार्थ है। उनका कोई काम नहीं हुआ इसलिए नीतीश कुमार गंदे हो गए हैं।
इस बीच आरएलएसपी प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने भी एलजेपी प्रमुख पर निशाना साधा है। उन्होंने सोमवार को कहा कि नतमस्तक होकर ही भाजपा के साथ रहा जा सकता है। उन्होंने कहा, ‘चिराग, भाजपा से एकतरफा प्यार दिखा रहे हैं। वो एकतरफा प्यार ना दिखाएं। वो कलेजा चीर कर भी रख देंगे तब भी उन्हें कोई फायदा नहीं होगा। क्योंकि नीतीश कुमार बीजेपी के सामने नतमस्तक हैं।’
बता दें कि बिहार में तीन चरणों में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसमें पहले चरण में 28 अक्टूबर, दूसरे चरण में 3 नवंबर को और तीसरे चरण के तहत 7 नवंबर को मतदान होंगे। मतों की गणना 10 नवंबर को होगी। बिहार में इस बार कुल वोटर की संख्या करीब 7 करोड़ 30 लाख है।