मध्य प्रदेश के भोपल में एक होटल में हिन्दू संस्कृति संगठनों के सदस्यों ने जमकर हंगामा किया। इन लोगों ने मुस्लिम लड़कों के साथ हिंदू लड़कियों के होने पर आपत्ति जताई और लव जिहाद का आरोप लगाया।मामला टीटी नगर स्थित जौहरी होटल का है। बताया जा रहा है कि कुछ इन लोगों को सूचना मिली की होटल में बर्थडे पार्टी की आड़ में हुक्का बार चलाया जा रहा है जिसके बाद संगठन से जुड़े तमाम लोग होटल में घुसे और वहां मौजूद लड़के लड़कियों से पूछताछ करने लगे।

मामला इतना बढ़ गया कि पुलिस को दखल देना पड़ा। इस दौरान पुलिस और संगठन के लोगों के बीच भी झड़प की नौबत आ गई। पुलिस अपने साथ कई जोड़ों को पूछताछ के लिए थाने ले गई। संगठन का कहना है कि होटल में लव जिहाद चलाया जा रहा है जबकि पुलिस ने इस महज अफवाह बताया है।


वीडियो में एक सदस्य लड़के लड़कियों से पूछताछ करता नजर आ रहा है। वह कहता है कि हम बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के लिए काम कर रहे हैं और ये लड़कियां अपने घर वालों से झूठ बोलकर ऐसा काम कर रही हैं। वीडियो में वह एक लड़के पर चिल्लाता है और कहता है कि ये दो-दो लड़के हिंदू लड़की को साथ लेकर आए हैं।

पुलिस का कहना है कि लव जिहाद और नशे जैसी कोई चीज सामने नहीं आई है। हुक्का लाउंज से 5 नाबालिग लड़के और 4 नाबालिग लड़कियां मिली हैं। पुलिस ने बताया कि मौजूद  लड़के लड़कियों ने कहा कि वह अपने  माता-पिता से पूछकर यहां आए थे। बच्चों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है और सभी के बयान ले लिए गए हैं।