भारतीय जनता पार्टी ने सुरेश कश्यप को हिमाचल प्रदेश की भाजपा इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है। सुरेश कश्यप शिमला संसदीय सीट से लोकसभा सांसद हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। पूर्व सैनिक रह चुके सुरेश कश्यप का जन्म 23 मार्च 1971 को हुआ है। 24 अप्रैल 1988 को सुरेश एयरफोर्स में सिपाही के पद पर तैनात हुए थे। साल 2004 में वह सेवानिवृत्त हुए। साल 2006 में उन्होंने भाजपा के एससी मोर्चा के जिला अध्यक्ष का पदभार संभाला। साल 2009 में पार्टी में उनका कद और बढ़ा और उन्हें एसएसी मोर्चा का प्रदेश महासचिव बना दिया गया।
साल 2007 में बीजेपी ने उन्हें विधानसभा चुनाव के मैदान में उतारा लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा।2012 में किस्मत ने कश्यप का साथ दिया और वह पहली बार चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे।2017 में एक बार फिर उन्होंने बीजेपी के टिकट पर जीत का परचम लहराया। पार्टी में उनका कद बढ़ने का एक कारण यह भी रहा कि सुरेश कश्यप ने कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे व 7 बार के विधायक जीआर मुसाफिर को हराकर वर्षों बाद पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी को जीत दिलाई।
कश्यप ने लोक प्रशासन में एमफिल, अंग्रेजी और पर्यटन में पोस्ट ग्रेजुएट, पब्लिक रिलेशंस एंड कम्युनिकेशंस मैनेजमेंट में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और बीएड की डिग्री हासिल की है। राजनीतिक सफर की शुरूआत में पच्छाद में बीडीसी सदस्य रहे हैं।
गौरतलब है कि राज्य के पूर्व बीजेपी अध्यक्ष डॉक्टर राजीव बिंदल ने स्वास्थ्य विभाग में कथित घोटाले में नाम आने पर इस पद से इस्तीफा दे दिया था। 27 मई से यह पद खाली था और कई नामों को लेकर चर्चा हो रही थी। पार्टी आलाकमान ने एक बार फिर से सभी को चौंकाते हुए नए नाम पर सहमति जताई और सुरेश कश्यप को राज्य के पार्टी अध्यक्ष पद की कमान सौंपी।

