भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एमबीबीएस फर्स्ट ईयर के एक छात्र ने शनिवार शाम को पंखे से लटककर खुदकुशी कर ली थी। इससे साथी छात्र नाराज हो गए और अस्पताल की 50वीं वर्षगांठ पर चल रहे गोल्डन जुबली समारोह को बंद करा दिया। नाराज छात्रों ने इमरजेंसी सेवा भी ठप करा दी। छात्रों के हंगामा से वहां हड़कंप मच गया। आक्रोश को देखते हुए वहां भारी संख्या में मीडियाकर्मी भी पहुंच गए।

मृत छात्र का नाम राजीव रंजन है। और पटना के कृष्णा नगर का रहने वाला था। देर रात छात्रों ने अस्पताल अधीक्षक डॉ. उदय कुमार सिंह का घेराव किया। राजीव रंजन पटना का रहने वाला था। उसकी परीक्षा चल रही थी। दो पेपर हो चुके थे। सोमवार को फिजियोलॉजी का पेपर होना था।
उसके रूममेट ने बताया कि वह लाइब्रेरी में चला गया था।

शाम को पांच बजे करीब लौटा तो अंदर से रूम बंद पाया। आवाज देने और दरवाजा थपथपाने पर कोई आवाज नहीं आई तो दूसरे साथियों के सहयोग से दरवाजा तोड़ा। अंदर का दृश्य देखकर सभी दंग रह गए। उसका शव पंखे से लटका पड़ा था। बताते है कि उसने आत्महत्या करने के लिए स्किपिंग वाली रस्सी का इस्तेमाल किया। इसी के सहारे वह पंखे से लटका मिला।

एसएसपी आनंद कुमार ने बताया कि पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जांच की जा रही है।