Panic Among People again Firing in Begusarai: बिहार के बेगूसराय में बेखौफ बदमाशों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को बदमाशों ने जमीन के विवाद में बाइक सवार एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना सिंघोल थाना क्षेत्र के पंचबा गांव में हुई। एक हफ्ते पहले चार युवकों ने यहां पर अंधाधुंध गोलीबारी करके एक युवक की जान ले ली थी और दस लोगों को घायल कर दिया था। हालांकि पुलिस ने तीन दिन के अंदर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। वहां पर पुलिस अलर्ट मोड में है।

इसके अलावा मटिहानी थाना क्षेत्र से 500 मीटर पहले दो मोटरसाइकिलों में सवार चार बदमाशों ने जोरदार फायरिंग करते हुए इलाके में दहशत फैला दी। चारों आरोपी दो किमी तक फायरिंग करते हुए थाने के सामने से आराम से निकल गये। बदमाशों ने पांच राउंड फायरिंग की। पुलिस ने दावा किया है कि बदमाशों की पहचान कर ली गई है। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।

सिंघोल थाना क्षेत्र के पंचबा गांव में बुधवार को हुई घटना में घायल युवक का नाम इरशाद आलम है। बताया जा रहा है कि एक जमीन को उसने कुछ दिन पहले खरीदा था। उसी जमीन को एक डॉक्टर ने भी खरीद रखा था। इसको लेकर डॉक्टर उसे आए दिन जान से मारने की धमकी देता था। इरशाद का आरोप है कि डॉक्टर ने ही कुछ बदमाशों को पैसे देकर उस पर हमला करवाया है।

मटिहानी में फायरिंग के बाद पुलिस ने चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। सड़कों से गुजर रहे हर दो पहिया वाहनों की कड़ाई से जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि बदमाशों के बीच ही आपसी लड़ाई है। एक गुट के बदमाश दूसरे गुट के बदमाशों में दहशत पैदा करने के लिए इन दिनों फायरिंग कर रहे हैं।

जिले के एसपी योगेंद्र कुमार ने मीडिया को बताया कि बदमाशों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी सूरत में इनको गिरफ्तार करके इनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।