Badaun Double Murder: उत्तर प्रदेश के बदायूं में मंगलवार शाम को दो मासूमों की बेरहमी से हत्‍या कर दी गई। मंडी चौकी से कुछ ही दूरी पर इस वारदात को अंजाम दिया गया। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। एनडीटीवी ने मृतक बच्चों की मां संगीता से जानना चाहा कि आखिर साजिद ने इस वारदात को अंजाम क्यों दिया? क्या परिवार से साजिश की कोई पुरानी रंजिश थी?

मृतक बच्चों की मां संगीता ने एनडीटीवी से कहा कि साजिद कल शाम अपनी दुकान बंद करके आया था। अक्सर वह अपनी दुकान पर रात 8 बजे ताला लगाता है। लेकिन उस शाम उसने शाम को 6 बजे ही दुकान को बंद कर दिया। इसके बाद साजिद घर पर आया और उसने हमसे क्लचर मांगा। इसके बाद बच्चे के बाल काटे। बच्चों के बाल काटने के बाद उसने कहा कि भाभी हम घर पर जा रहे हैं। इसके बाद उसने हमसे पांच हजार रुपये की मांग की। मैंने अपने पति विनोद से पूछा कि उसे पैसे दे दिए जाए। तो उन्होंने हमसे कहा कि दे दो। मेरे पास पार्लर में पैसे रखे हुए थे तो मैने साजिद को दे दिए। साजिद ने मुझे कहा कि उसकी पत्नी की डिलीवरी होनी है। इसलिए पैसे चाहिए।

मंझले बेटे का अंगूठा काटा

संगीता ने कहा कि साजिद ने बताया कि वह काफी परेशानियों का सामना कर रहा है। फिर मैने कहा कि बुरा वक्त जल्दी गुजर जाएगा। इसके बाद संगीता चाय बनाने चली गई और उसको चाय भी पिलाई। साजिद चाय लेकर छत पर चला गया। संगीता ने आगे कहा कि उसने मेरे बच्चों पर धारदार हथियार से वार कर दिया। साजिद ने मेरे बच्चों को बेरहमी से काट डाला। मेरे मंझला बेटा किसी तरह से उसकी पकड़ से भाग निकला। उसका भी साजिद ने अंगूठा काट दिया। संगीता ने आगे कहा कि वह उसे भी जान से मारना चाहता था।

साजिद ने बच्चों को क्यों मारा?

संगीता ने बताया कि हमारी साजिद से किसी भी तरह की कोई दुश्मनी नहीं थी। अगर किसी ने साजिद से इस वारदात को अंजाम दिलवाया होगा तो हम कुछ कह नहीं सकते हैं। हमारा उससे किसी भी तरह की कोई लड़ाई भी नहीं हुई थी। मासूमों की हत्या से गुस्साए लोगों ने साजिद की शॉप के बाहर सभी समान को जला दिया और जमकर हंगामा किया।

जवाबी फायरिंग में मारा गया आरोपी

पुलिस के मुताबिक, आरोपी मौके से फरार हो गया था। बाद में उसे पकड़कर थाने ले जाने के लिए गाड़ी में बैठाया गया था। शेखूपर के जंगल में वह अचानक गाड़ी से कूद गया और भागने लगा। पुलिस ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। उसने तमंचे से पुलिसकर्मियों पर फायरिंग की। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई और वह मारा गया।