कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा का कहना है कि राममंदिर का मुद्दा भाजपा के लिए सिर्फ राजनीतिक मुद्दा है। भाजपा को मंदिर से कुछ लेना देना नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ चुनावों के दौरान मंदिर का मुद्दा उठाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करती है। हरियाणा के मुख्यमंत्री हुड्डा ने रविवार को यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फेंरस में कहा कि राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनना तय है। प्रदेश में कांग्रेस की लहर होने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा का विकास से कोई वास्ता नहीं है। केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर नाकाम साबित हुई है। देश में जब भी चुनाव आते हैं भाजपा मंदिर के मुद्दे पर राजनीति शुरू कर देती है और लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ करती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारें सिर्फ एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी की तरह काम करती है। इसी वजह से वे विकास के मामले में विफल साबित होती है। उनका कहना है कि चाहे रोजगार का मामला हो, कानून व्यवस्था का मामला हो या फिर किसानों की समस्याओं से जुड़ा मामला हो, भाजपा सरकारें किसी मामले में कभी सफल नहीं हो पाई हैं। राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनने का दावा करते हुए हुड्डा ने कहा कि अभी यह कोई मुद्दा ही नहीं है कि सरकार बनने पर मुख्यमंत्री कौन होगा।
इसका फैसला विधायक दल लेगा। प्रदेश में भाजपा ने अब सरकार से लाभ हासिल करने वाले वर्गों को अपने पक्ष में लुभाने का अभियान छेड़ दिया है। प्रदेश में भाजपा के चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने रविवार को यहां मालवीय नगर इलाके में एक दलित लाभार्थी के घर पर खाना खाया। जावडेकर ने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार ने लोगों को कई योजनाओं के जरिए उन्हें फायदा पहुंचाने का काम किया है। जावडेकर ने दावा किया कि राजस्थान में भाजपा की मजबूत स्थिति है। प्रदेश का दलित तबका भाजपा योजनाओं से खुश है। जावडेकर का कहना है कि कांग्रेस राममंदिर के मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट नहीं कर रही है। जावडेकर की अगुआई में ही रविवार को बूथ महासंपर्क अभियान भी चलाया गया और लोगों से भाजपा को वोट देने की अपील की गई।

