Arvind Singh Mewar Death: महाराणा प्रताप के वंशज और मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार के सदस्य अरविंद सिंह का निधन हो गया है। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और अब उन्होंने इस दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया है। दैनिक भास्कर की एक रिपोर्ट के मुताबिक सिटी पैलेस के निवास में ही लंबे समय से उनका इलाज चल रहा था, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
कौन हैं अरविंद सिंह मेवाड़?
जानकारी के लिए बता दें कि अरविंद सिंह मेवाड़, महाराणा भगवंत संह मेवाड़ और सुशीला कुमारी मेवाड़ के छोटे बेटे हैं, उनके बड़े भाई महेंद्र सिंह मेवाड़ का निधन तो पिछले साल 10 नवंबर को हो चुका है। अरविंद सिंह की बात करें तो उन्होंने अजमेर के मेयो कॉलेज से अपनी पढ़ाई पूरी की थी। आगे की पढ़ाई के लिए वे महाराणा भूपाल कॉलेज गए थे, वहां उन्होंने आर्ट्स में ग्रेजुएशन की डिग्री ली। इसके बाद यूके के सेंट एल्बंस मेट्रोपॉलिटन कॉलेज से उन्होंने होटल मैनेजमेंट की डिग्री भी हासिल की।
अरविंद सिंह मेवाड़ अपने जीवन में सामाजिक कार्यों में भी काफी सक्रिय रहे थे। वे लंबे समय तक एचआरएच ग्रुप ऑफ होटल्स के अध्यक्ष के रूप में काम कर चुके थे, इसके अलावा वे महाराणा मेवाड़ फाउंडेशन ट्रस्ट, महाराणा मेवाड ऐतिहासिक प्रकाश ट्रस्ट का हिस्सा भी रहे।
अब जब अरविंद सिंह मेवाड़ इस दुनिया को अलविदा कह चुके हैं, हर कोई उन्हें श्रद्धांजलि दे रहा है। राजस्थान के कई नेता, कई विधायक इस समय सोशल मीडिया के जरिए अरविंद सिंह को याद कर रहे हैं, उनके योगदान का जिक्र कर रहे हैं।