जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले से शुक्रवार शाम (8 मार्च) सेना के एक जवान के अगवा होने की जानकारी सामने आई थी। बताया जा रहा था कि हथियारबंद आतंकवादियों ने उसे किडनैप कर लिया है। इस मामले में सेना ने आधिकारिक बयान जारी किया है। सेना का कहना है कि जवान को किडनैप नहीं किया गया है। वह सुरक्षित है। उसके अगवा होने से संबंधित मीडिया रिपोर्ट्स गलत हैं। अटकलों पर ध्यान नहीं दिया जाए।

पहले यह आई थी खबर : शुक्रवार शाम जानकारी सामने आई थी कि सेना का एक जवान एक महीने की छुट्टी पर बडगाम जिले में स्थित अपने घर काजीपोरा चदूरा आया हुआ था। शुक्रवार शाम आतंकियों ने उसके घर धावा बोल दिया और अगवा कर लिया। मामले की जानकारी सामने आते ही सेना के आला अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी थी। इसके बाद सेना की ओर से शनिवार सुबह बयान जारी किया गया कि जवान सुरक्षित है। उसके लापता होने की मीडिया रिपोर्ट्स गलत हैं।