Ajnala Case : अमृतसर के अजनाला पुलिस स्टेशन पर तलवारों, डंडों और बंदूक से लैस समर्थकों के साथ अमृतपाल सिंह ने काफी हंगामा किया था। अगले ही दिन कोर्ट के आदेश पर अमृतपाल सिंह के सहयोगी लवप्रीत सिंह ‘तूफान’ को रिहाई भी मिल गयी थी। लवप्रीत सिंह तूफान को अपहरण समेत अन्य आरोपों में गिरफ्तार किया गया था। इस मामले को लेकर पंजाब की आम आदमी पार्टी के दबाव के तले झुक जाने को लेकर भी चर्चा जारी है।

अमृतपाल सिंह भी इसी मामले में 25 अन्य लोगों के साथ आरोपी था। वरिंदर सिंह नाम के एक शख्स की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था, जिसने आरोप लगाया था कि अमृतपाल और उसके अनुयायियों पर झूठा प्रचार फैलाने का आरोप लगाते हुए एक वीडियो अपलोड करने के बाद उसका अपहरण कर लिया गया था और पीटा गया था।

पहले भी दबाव के तले झुक चुकी है आम आदमी पार्टी की सरकार

इससे पहले भी पंजाब सरकार अपने कई आदेशों से दबाव के रहते पीछे हट चुकी है। लवप्रीत सिंह तूफान की रिहाई के मामले भी पंजाब सरकार दबाव में दिखाई दी थी। हिंसक प्रदर्शन के अगले ही दिन अमृतपाल सिंह के करीबी लवप्रीत सिंह तूफान की रिहाई इस ही ओर इशारा करती है। इससे पहले भी भगवंत मान सरकार सत्ता संभालने के बाद अपने पहले आदेशों में से एक पर पीछे हट गई थी। यह मामला जुगाड़ रेहड़ी पर प्रतिबंध लगाने से जुड़ा था। अधिकारियों ने यह कहते हुए उन पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी कि इससे दुर्घटनाएं हो सकती हैं।

हालांकि इस कदम बड़ा विरोध पंजाब में देखा गया। विपक्षी दलों ने सरकार पर “गरीब विरोधी” होने का आरोप लगाया। मामला गरमाते ही मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हस्तक्षेप किया और ट्रैफिक पुलिस से आदेश वापस लेने को कहा। बाद में उन्होंने अधिकारियों की बैठक बुलाकर उनकी खिंचाई की और यह आदेश वापस ले लिया गया।

इससे पहले सहकारी बैंकों के कर्जदार किसानों को गिरफ्तारी वारंट जारी करने के मामले पर भी पंजाब सरकार पीछे हट गयी थी। किसानों और विपक्ष के विरोध के बाद वित्त मंत्री हरपाल चीमा को एक वीडियो संदेश रिकॉर्ड करने और भेजने के लिए निर्देशित किया गया कि किसी भी किसान को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा।

ऐसे ही कई अन्य मामलों में पंजाब सरकार दबाव में नजर आई है। ताजा मामला अमृतपाल द्वारा लवप्रीत की रिहाई की मांग से जुड़ा था। इस पर सरकार झुक गई, भले ही उसके समर्थकों ने एक पुलिस स्टेशन पर धावा बोल दिया था और एक अधिकारी सहित छह पुलिसकर्मियों को घायल हो गए थे।