पश्चिम बंगाल में आज भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने एक रैली को संबोधित किया और ममता सरकार पर जमकर निशाना साधा। अमित शाह यह रैली कोलकाता में आयोजित की गई और इसके लिए भाजपा ने कोलकाता में खूब प्रचार प्रसार किया और जगह-जगह इसके होर्डिंग लगाए थे। लेकिन अब खबर आयी है कि अमित शाह की रैली से पहले कुछ लोगों ने कोलकाता में जगह-जगह लगे भाजपा के पोस्टर और होर्डिंग्स को हटाया था। टाइम्स नाउ ने इस घटना का एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें कुछ लोग होर्डिंग और पोस्टर हटाते नजर आ रहे हैं।

इस दौरान होर्डिंग हटा रहे लोगों के हाथ में डंडे भी थे। हालांकि पोस्टर हटाने वाले लोगों की पहचान नहीं हो सकी। इतना ही नहीं टीएमसी ने इससे पहले पूरे कोलकाता में भाजपा विरोधी पोस्टर और होर्डिंग लगा दिए थे। जहां-जहां भी भाजपा और अमित शाह की रैली के पोस्टर लगे थे, वहीं टीएमसी ने भी अपने भाजपा विरोधी पोस्टर और होर्डिंग लगाकर दोनों पार्टियों के बीच चल रही खींचतान को और गरमा दिया। बता दें कि शनिवार को अमित शाह ने कोलकाता के मायो रोड पर आज एक विशाल रैली को संबोधित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग भाजपा की इस रैली में शामिल हुए।

रैली के दौरान अमित शाह ने ममता बनर्जी सरकार को अवैध घुसपैठ, एनआरसी और भ्रष्टाचार जैसे के मुद्दों पर घेरा। रैली के दौरान भारी भीड़ देखकर अमित शाह ने कहा कि सभा स्थल पर मौजूद जनसैलाब यही संदेश दे रहा है कि इस बार पश्चिम बंगाल में कमल खिलेगा। बंगाल की जनता बदलाव चाहती है। भाजपा अध्यक्ष ने बंगाल को अपनी पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया और कहा कि जब तक ममता बनर्जी को बंगाल से बेदखल नहीं किया गया, तब तक भाजपा की 19 राज्यों में सरकार बेमानी है। भाजपा अध्यक्ष ने अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर कहा कि हमारे लिए देश की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है। बंगाल से घुसपैठियों को भगाएंगे, शरणार्थियों को नहीं। शाह ने ममता बनर्जी को चुनौती देते हुए कहा कि ममता सरकार सुन ले, हमारी आवाज बंद नहीं कर पाओगे। मैं पूरे बंगाल के हर जिले में आंदोलन लेकर जाऊंगा।