Noida Society Shrikant Tyagi Case: नोएडा की ग्रैंड ओमैक्स सोसायटी में महिला से बदसलूकी के आरोपी श्रीकांत त्यागी को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बेल पर रिहा करने का फैसला सुनाया है। जल्दी ही वो जेल से बाहर आ जाएगा। त्यागी 9 अगस्त से जेल में बंद था। निचली अदालत से मायूसी हाथ लगने के बाद उसने जमानत के लिए हाईकोर्ट का रुख किया था। जस्टिस सुरेंद्र सिंह प्रथम ने श्रीकांत त्यागी की जमानत अर्जी पर सुनवाई करते हुए ये आदेश दिया है।
आपको बता दें कि याची पर नोएडा की ग्रैंड ओमैक्स सोसायटी में एक महिला के साथ बदसलूकी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। त्यागी के वकील वरिष्ठ अधिवक्ता जीएस चतुर्वेदी, अमृता राय मिश्रा और आलोक रंजन ने उनके पक्ष को रखा। बचाव पक्ष के वकील ने कहा कि उनके क्लाइंट श्रीकांत त्यागी को जानबूझ कर झूठे आरोपों में फंसाया गया है।
मेरे परिवार को बीजेपी सांसद से खतरा अन्नू त्यागी
उत्तर प्रदेश के नोएडा की ग्रैंड ओमैक्स सोसायटी में महिला के साथ बदसलूकी में गिरफ्तार किए गए श्रीकांत त्यागी की पत्नी अन्नू त्यागी ने अपने परिवार को सबसे बड़ा खतरा बीजेपी सांसद महेश शर्मा से है। उन्होंने पहले भी इस पूरे मामले में महेश शर्मा की बड़ी भूमिका बताई थी। अन्नू त्यागी ने ये सभी बयान अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किए हैं।
श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी से त्यागी समुदाय में थी नाराजगी
त्यागी समाज श्रीकांत त्यागी के समर्थन में लगातार प्रदर्शन कर रहा है वहीं ये प्रदर्शन हर रोज आग की तरह से प्रदेश के कई हिस्सों में फैलते हुए दिखाई दिए हैं। सहारनपुर में डीएम ऑफिस के सामने त्यागी समाज के बैनर तले त्यागी महासभा का जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला। उनका साफ तौर पर यही कहना था कि श्रीकांत त्यागी और उसके परिवार के साथ अन्याय हो रहा है। त्यागी समाज जिला अध्यक्ष शिवकुमार त्यागी ने कहा, ‘अगर श्रीकांत से फर्जी मुकदमें नहीं हटाए गए तो वो सरकार की ईंट से ईंट बजा देंगे।’