राजस्थान में कैबिनेट फेरबदल की खबरों के बीच सभी मंत्रियों ने अपना इस्तीफा दे दिया है। शनिवार शाम को मंत्रियों का इस्तीफा कांग्रेस आलाकमान को भेज दिया गया। इससे पहले शुक्रवार को भी तीन मंत्रियों ने अपना इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेज दिया था।
राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद संवाददाताओं को यह जानकारी दी। राजस्थान मंत्रिपरिषद की बैठक शनिवार शाम हुई। खाचरियावास ने कहा- ‘‘मंत्रिपरिषद की बैठक मुख्यमंत्री गहलोत की अध्यक्षता में हुई। सभी मंत्रियों ने इस्तीफे दे दिए हैं।’’
कांग्रेस विधायकों को रविवार को दो बजे पार्टी के प्रदेश कार्यालय में बुलाया गया है। उसके बाद का कार्यक्रम गहलोत और पार्टी के प्रदेश प्रभारी अजय माकन तय करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को संबोधित करके इस्तीफे दिए जाते हैं उसके बाद मंत्रिमंडल पुनर्गठन की प्रक्रिया होती है। इसका प्रस्ताव पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने रखा। सूत्रों ने बताया कि नये शपथ ग्रहण समारोह रविवार को होने की संभावना है।
राजस्व मंत्री हरीश चौधरी, चिकित्सा और स्वास्थ्य मंत्री डॉ रघु शर्मा और शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपना इस्तीफा शुक्रवार भेज दिया था। जिसे उन्होंने शनिवार को स्वीकार कर लिया।
हरीश चौधरी को हाल ही में पंजाब का पार्टी प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि रघु शर्मा को गुजरात का प्रभारी बनाया गया और डोटासरा राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष हैं। बताया जा रहा है कि तीनों ने पार्टी की ‘एक पद एक व्यक्ति’ नीति के तहत अपने इस्तीफे की पेशकश की थी। शनिवार को मीडिया से बात करते हुए डोटासरा ने कहा कि तीनों जमीन पर काम करना जारी रखेंगे ताकि राजस्थान के लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
इससे पहले सीएम गहलोत ने फेरबदल की खबरों पर कहा था कि पता नहीं क्या फैसले होंगे। या तो हाईकमान जानता है या ये जानते हैं। बेसब्री से इंतजार है हम सबको, लॉटरी खुलने का। मंत्रिमंडल पुनर्गठन और राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर कांग्रेस प्रभारी अजय माकन और सीएम गहलोत के बीच बैठकों का दौर शनिवार को भी जारी रहा। सूत्रों के अनुसार पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट भी माकन से मिलेंगे।