भोजपुरी एक्ट्रेस अकांक्षा दुबे की मां ने बेटी की मौत मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुहार लगाई है कि आकांक्षा के मर्डर की जांच सीबीआई से करवाई जाए क्योंकि उन्हें बनारस पुलिस पर भरोसा नहीं है। उनका आरोप है कि पुलिस आरोपी समर सिंह से मिली हुई है और वह उसे बचाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि बनारस पुलिस पर भरोसा नहीं है और मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुहार लगाते हुए कहा, “उनसे यही प्रार्थना करती हूं मेरी लड़की के केस में सीबीआई जांच करे और सारनाथ चौकी पर मुझे कोई भरोसा नहीं है। वो सब लोग बिक चुके हैं। वो सब समर सिंह के समर्थन में हैं। मेरी लड़की को मार डाला। सारनाथ चौकी पर मुझे भरोसा नहीं।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बहुत से लोग समर सिंह को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, कल जब समर सिंह कचहरी में पेश होने के लिए आया तो होटल का मैनेजर वहां तैनात हो गया, उसको बचाने के लिए। किस वजह से होटल मैनेजर आया है। पुलिस को यह नहीं दिख रहा है। पुलिस भी उसे बचा रही है, होटल मैनेजर है और उसके आदमी हैं। पुलिस एक आरोपी को ऐसे बचाकर लेकर जा रही है, जिसने एक लड़की को मार डाला। सारनाथ चौकी वाले उसे बचा रहे हैं क्योंकि उन्होंने पैसा खाया है। उसने मेरी हंसती खेलती दुनिया उसने उजाड़ दी और ये लोग उसको बचा रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “पहले तो सारनाथ चौकी वाले ही गुनहेगार हैं और ये समर सिंह के आदमी हैं। ये लोग समर सिंह के बिके हुए हैं। इनको किसने जानकारी दी कि वहां होटल लड़की फांसी लगाने वाली है। मां-बाप को खबर नहीं दी और बेटी को लावारिसों की तरह उतार कर ले गए। तो समर सिंह के ही आदमी हैं ना। समर सिंह मेन है। उसको रिमांड में लिया जाए और कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। बहुत मोटी चमड़ी का है और मगरमच्छ के आंसू बहा रहा है उस पर नहीं जाना। 21 तारीख को धमकी दे रहा है इसका भाई संजय सिंह और 24 मार्च को मेरी बेटी की हत्या हो जाती है। पुलिस समर सिंह को पकड़े और मेरी बेटी की हत्या की पूरी जांच पुलिस करे।”
अकांक्षा की मां ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, “जब मेरी लड़की को होटल लेने पहुंचे, तो मुझे खबर नहीं दी कि आपकी लड़की ने सुसाइड कर लिया। मैं अपनी लड़की के मोबाइल पर फोन कर रही थी और फोन उठाकर बोलते हैं बाद में बात करवाता हूं। फिर बोलते हैं मैं सारनाथ बनारस चौकी से हूं। ये भी नहीं बोले कि आकांक्षा दुबे कि मृत्यु हो गई है। मेरी इजाजत के बिना मेरी बेटी का शव निकाला, लावारिस की तरह। घरवालों को खबर नहीं दी, लावारिस दिख रही थी इनको। पता था ना भोजपुरी एक्टर आकांक्षा दुबे हैं।”
भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे हाल ही में वाराणसी के सारनाथ में एक होटल में फांसी के फंदे से लटकी मिली थीं। उनके परिवार ने आकांक्षा की हत्या का आरोप भुजपुरी सिंगर-प्रोड्यूसर समर सिंह पर लगाया था।