एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-772 में पायलट और क्रू मेंबर के बीच विवाद होने का मामला सामने आया है। इसके चलते बेंगलुरु से कोलकाता जाने वाली यह फ्लाइट करीब एक घंटे लेट हो गई। बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत उस वक्त हुई, जब पायलट ने एक क्रू मेंबर से अपना लंच बॉक्स धोने के लिए कहा। मामले की जानकारी मिलने के बाद एयरलाइंस ने संबंधित पायलट व क्रू मेंबर को रोस्टर से हटा दिया है। साथ ही, मामले की जांच शुरू कर दी है।
बेंगलुरु एयरपोर्ट पर हुई घटना: जानकारी के मुताबिक, यह घटना सोमवार को बेंगलुरु एयरपोर्ट पर हुई। उस वक्त विमान कोलकाता के लिए उड़ान भरने की तैयारी में था। बताया जा रहा है कि यात्रियों के सामने ही पायलट और क्रू मेंबर के बीच बहसबाजी होती रही। सूत्रों का कहना है कि पायलट ने एक क्रू मेंबर से अपना लंच बॉक्स धोने के लिए कहा था, जिस पर उसने ऐतराज जताया।
National Hindi News, 19 June 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
और बढ़ता चला गया विवाद: बताया जा रहा है कि जब प्लेन टेक ऑफ करने के लिए तैयार था, उस वक्त पायलट और क्रू मेंबर के बीच कहासुनी होने लगी। इस दौरान अन्य क्रू मेंबर्स ने हस्तक्षेप किया और स्थिति को संभाला। हालांकि, इस बीच यात्री पायलट और क्रू मेंबर के व्यवहार को देखकर सदमे में थे। इस विवाद के चलते बेंगलुरु से कोलकाता जाने वाली यह फ्लाइट 77 मिनट लेट हो गई।
एयर इंडिया ने की घटना की पुष्टि: एयर इंडिया के प्रवक्ता ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच होने तक पायलट व क्रू मेंबर को रोस्टर से हटा दिया गया है। पायलट से पूछताछ की जा रही है कि उसने क्रू मेंबर से अपना लंचबॉक्स धोने के लिए क्यों कहा? फिलहाल मामले की जांच जारी है।